बिहारः अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत, मृतक में एक बच्चा भी शामिल
पटना। बीते बुधवार की दोपहर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। इस दौरान वज्रपात गिरने के चलते बिहार के भागलपुर, भोजपुर, जमुई, सुपौल सहित बेगूसराय में 7 लोगों की मौत हो गयी। भागलपुर में दो लोगों की वज्रपात के चलते जान चली गई। मृतकों की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बालुआचक निवासी सरयुग यादव के 50 वर्षीय पुत्र श्याम यादव और जागो यादव के 58 वर्षीय पुत्र कैलाश यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक खेत में भैंस चरा रहे थे, तभी तेज बारिश के साथ हुए वज्रपात में खेत में भैंस चरा रहे श्याम यादव और कैलाश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के नौवां गांव में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग समेत दो की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
मृतकों में एक बालक और बुजुर्ग शामिल है। मृत बालक की पहचान नौवां गांव के रहने वाले छोटन राम का 12 वर्षीय पुत्र बाबूधन राम के रूप में हुई है। मृत बुजुर्ग की शिनाख्त पीरो थाना क्षेत्र के बसौनी गांव के रहने वाले 70 वर्षीय जज राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पर ही एक भट्ठे पर ईंट को पकाया जा रहा था। दोनों उसे देखने के लिए खेत की ओर चले गए थे। तभी तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश दौरान अचानक दोनों पर ठनका गिर पड़ा, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं जमुई जिले के चकाई प्रखंड अंतर्गत चन्द्रमंडिह थाना क्षेत्र के बनपोखरा गांव में 39 वर्षीय ओपीन सोरेन अपने घर के बाहर मिट्टी काट रहा था तभी वज्रपात होने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। लोधमा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 4 मवेशी और चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगारायडीह गांव में वज्रपात से एक मवेशी की मौत हो गई।
सुपौल जिले के किसनपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बनैनिया पंचायत के सनपतहा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि बेगूसराय जिले के सुर्यपुरा निवासी राधे महतो की मौत बिजली कड़कने की आवाज से डरकर हो गई है। बताया जाता है कि राधे महतो वज्रपात की जोरदार आवाज से डर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications