बलूचिस्तान में पाक नेवी अधिकारियों पर बड़ा हमला, दो मरे
बलूचिस्तान के ग्वादर इलाके में हमलावरों ने पाक नेवी अधिकारियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में दो अधिकारियों की मौत हो गई।
इस्लामाबाद। बलूचिस्तान के ग्वादर इलाके के जिवानी में पाकिस्तानी नेवी पर बड़ा हमला हुआ है जिसमें दो अधिकारी मारे गए और तीन घायल हुए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, सोमवार को चार बंदूकधारी दो बाइक पर सवार होकर आए और नेवी अधिकारियों पर हमला बोल दिया।
Read Also: गुस्से से उबल रहे चीनियों की मांग, हमला कर पाक को तहस-नहस कर दो
पाकिस्तानी नेवी ने कहा है कि हमलावरों के साथ मुठभेड़ में तीन नेवी के जवान घायल हो गए जिनको कराची हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस हमले की अभी तक किसी ने जिम्मेवारी नहीं ली है।
हमलावरों ने नेवी के अधिकारियों पर अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें एक अधिकारी मारा गया जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को कराची हॉस्पिटल लाया गया जहां एक और अधिकारी की मौत हो गई।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सनाउल्लाह जेहरी ने इस हमले की निंदा की है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने पुलिस से जांच रिपोर्ट देने को कहा है।
अभी तक किसी आतंकी समूह ने हमले की जिम्मेवारी नहीं ली है। इस इलाके में सुरक्षा बल बलूच राष्ट्रवादियों और इस्लामिक आतंकियों के निशाने पर रहते हैं। पिछले महीने बलूचिस्तान में दो चीनी नागरिकों की हत्या करने की जिम्मेवारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी।