पाकिस्तानः खैबर पख्तूनख्वा में सिख समाज की शिक्षिका का अपहरण, जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया
पाकिस्तान में एक बार फिर से सिख समाज की लड़की का जबरन धर्म परिवर्तन कराने के बाद उसका निकाह कर देने का मामला सामने आया है। घटना से सिख समाज में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।
इस्लामाबाद, 21 अगस्तः पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के मामले थम नहीं रहे हैं। एक बार फिर से सिख समाज की लड़की का जबरन धर्म परिवर्तन कराने के बाद उसका निकाह कर देने का मामला सामने आया है। घटना से सिख समाज में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। घटना पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हो रहा है जिसमें सिख समुदाय के लोगों को पाकिस्तान के एक पुलिस स्टेशनके बाहर विरोध दर्ज कराते देखा जा सकता है।

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को सिख समाज की टीचर दीना कौर का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। रविवार को दीना कौर के परिजनों को बताया गया कि दीना का निकाह हो गया है। घटना के बाद परिजन पुलिस थाने पहुंचे, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परिजन ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया है और सिख समुदाय को चुप रहने के लिए कहा है।
सोशल मीडिया पर शेयर इस वीडियो में काफी संख्या में सिख लोगों को प्रशासन का विरोध करते देखा जा सकता है। इसमें सिख समुदाय, "वी वांट जस्टिस, हम भी पाकिस्तानी हैं, हम भी पख्तून हैं, इस मिट्टी से हमने पैदा लिया है" जैसे नारे लगाए। सिख समुदाय के लोगों ने कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। उनकी बेटी जब तक उनके पास सलामत नहीं पहुंच जाती तब तक वे चुप बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन पर इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।
इस घटना पर भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने ट्वीट करने के साथ ही इस मामले में पाकिस्तान सरकार को घेरा है। सिरसा ने कहा कि एक परिवार चुपचाप अपनी बेटियों को जबरन धर्म परिवर्तन और भावनात्मक शोषण करते कैसे देख सकता है? ये बुनियादी मानवाधिकारों के खिलाफ है और हम पाकिस्तान के सिख भाइयों के समर्थन में खड़े हैं। मैं भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर जी से इस मामले में दखल देने का आग्रह करता हूं।
इससे पहले मई 2022 में पाकिस्तान के पेशावर में दो सिखों की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भारत की तरफ से कड़ा विरोध दर्ज कराया गया था। उस समय भारत सरकार के प्रवक्ता ने कहा, "हमने पेशावर में अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा दो सिख व्यापारियों की निर्मम हत्या की खबरें देखी हैं। दुख की बात है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय सिखों पर हमले हो चुके हैं।"












Click it and Unblock the Notifications