'आज पाकिस्तानी होने पर शर्म आ रही', अपने ही देश के PM इमरान पर क्यों भड़कीं एक्ट्रेस माहिरा खान
इस्लामाबाद, दिसंबर 04। पाकिस्तान के सियालकोट में एक श्रीलंकाई नागरिक को जिंदा जलाने की घटना को लेकर पाकिस्तान में बवाल मचा हुआ है। अन्य देशों में भी इस घटना को लेकर लोगों के अंदर गुस्सा है। इस बीच पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान ने भी इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से पूरे मामले पर जवाब मांगा है।

क्या कहा है माहिरा ने ?
आपको बता दें कि माहिरा खान ने एक ट्वीट में सियालकोट की घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा है, "शर्मनाक घटना, जिसे सुनकर घृणा हो रही है। आपसे (इमरान खान) उम्मीद है कि आप इस घटना पर जवाब देंगे और न्याय करके इस संकट को देश से बाहर निकाल फेंकेंगे।" आपको बता दें कि माहिरा खान अक्सर पाकिस्तान में अपने काम को लेकर लोगों के निशाने पर रहती हैं। माहिरा खान पिछले 10 साल से एक्टिंग लाइन में हैं। भारत में माहिरा खान ने शाहरुख खान के साथ फिल्म 'रईस' में काम किया था।

पीएम इमरान खान ने भी घटना को लेकर दी प्रतिक्रिया
माहिरा खान के ट्वीट से कुछ घंटे पहले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी इस घटना को लेकर एक ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था कि सियालकोट की घटना पाकिस्तान के लिए शर्मनाक भरा दिन है। मैं मामले की जांच करवा रहा हूं और इस घटना के जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत सजा दिलाने में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। बता दें कि इमरान खान के अलावा पाकिस्तान के कई अन्य नेताओं ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है।

क्या है सियालकोट की घटना?
शुक्रवार को पाकिस्तान के सियालकोट में एक श्रीलंकाई नागरिक को भीड़ ने बीच सड़क पर जिंदा जला दिया था। ये नागरिक फैक्ट्री का मैनेजर और उस जलाने वाले लोग उसी फैक्ट्री के मजदूर थे। कथित रूप से उस श्रीलंकाई नागरिक पर पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने का आरोप लगा था, जिसके बाद भीड़ ने इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में भीड़ और अफरातफरी का माहौल है। पाकिस्तान में ईशनिंदा के मामलों में हत्या की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं।

कौन है माहिरा खान
पाकिस्तान के कराची में जन्मी माहिरा खान एक एक्ट्रेस हैं। वो पिछले 10 साल से एक्टिंग कर रही हैं। माहिरा की पढ़ाई विदेश में हुई है। वो 17 साल की उम्र में ही कैलिफोर्निया चल गई थी। वहीं पर उनकी स्कूलिंग और कॉलेज की पढ़ाई पूरी हुई। 2008 में माहिरा पाकिस्तान लौट आईं। 2006 में माहिरा की मुलाकात अली असकारी से लॉस एंजिलेस में हुई थी। 2007 में दोनों ने शादी कर ली, लेकिन 2015 में दोनों का तलाक हो गया। माहिरा ने अपने करियर की शुरुआत 2006 से ही कर दी थी, जब उन्हें एमटीवी पाकिस्तान के मोस्ट वॉन्टेड शो में जाने का मौक मिला था। इसके बाद से माहिरा कई साल तक पाकिस्तान में ही काम करती रहीं। साल 2017 में उन्हें बड़ा प्लेटफॉर्म मिला, जब उनकी एंट्री बॉलीवुड में हुई और शाहरुख खान के साथ उन्हें फिल्म करने का मौका मिला। माहिरा ने फिल्म रईस में शाहरुख के साथ काम किया।

बयानों से सुर्खियों में क्यों रहती हैं माहिरा खान
माहिरा खान ने बॉलीवुड में सिर्फ एक ही फिल्म की है। भारत-पाकिस्तान के बीच रिश्ते खराब होने के बाद उनका करियर भी खराब हो गया। भारत से लौटने के बाद माहिरा अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में एक पाकिस्तानी वुमन राइट एक्टिविस्ट ने माहिरा का विरोध किया है। इनका कहना है कि अदाकारा का अधिकतर प्रोजेक्ट इमोशनली टॉर्चर्ड महिला के होते हैं। उनके ऐसा करने से महिलाओं की छवि समाज में दबी हुई लग रही है। माहिरा खान उरी हमले के वक्त भी पाकिस्तान पर सवालिया निशान खड़े किए थे। उरी हमले को लेकर उन्होंने पाकिस्तान की आलोचना की थी।












Click it and Unblock the Notifications