ओबामा के जाते ही नवाज शरीफ ने दोहराई बेहतर संबंधों वाली बात
इस्लामाबाद। गणतंत्र दिवस के मौके पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी गई थी। इस चिट्ठी में नवाज शरीफ ने लिखा था कि भारत, पाकिस्तान का अहम पड़ोसी है।

नवाज ने जिस समय भारत को वह संदेश दिया था, अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत में थे। ओबामा के जाते ही नवाज शरीफ ने एक बार फिर से भारत के साथ अपने रिश्तों की अहमियत की बात दोहराई है।
इस्लामाबाद से नई दिल्ली को आया संदेश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भारत को महत्वपूर्ण पड़ोसी करार देते हुए बुधवार को कहा कि इस्लामाबाद ‘पारस्परिक सम्मान और संप्रभु समानता' के आधार पर भारत के साथ ‘सामान्य' संबंध चाहता है।
शरीफ ने भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित से प्रधानमंत्री आवास में मुलाकात में कहा कि भारत हमारे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ोसी है और हम पारस्परिक सम्मान तथा संप्रभु समानता के आधार पर उसके साथ सामान्य संबंध चाहेंगे।
अब्दुल बासित ने दी जानकारी
एक आधिकारिक बयान के अनुसार बासित ने उन्हें पाकिस्तान-भारत संबंधों की स्थिति पर जानकारी दी। इसमें कहा गया कि शरीफ ने दोहराया कि पाकिस्तान क्षेत्र के सभी देशों से अच्छे पड़ोसी संबंध चाहता है।
उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि दोनों देश क्षेत्र में व्यवहार्य शांति के लिए जम्मू कश्मीर सहित अपने सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने का संकल्प करें। भारत ने पिछले साल बासित के कश्मीरी अलगाववादियों से मिलने के कारण पाकिस्तान के साथ विदेश सचिव स्तर की वार्ता रद्द कर दी थी। तब से दोनों देश यह कहते रहे हैं कि वे सार्थक बातचीत के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि दूसरा पक्ष पहल करे।












Click it and Unblock the Notifications