ट्रेन हाईजैक के बाद पाकिस्तान का एक्शन, 182 यात्रियों को बलोच आर्मी से छुड़ाने पहुंची सेना, 13 विद्रोही ढेर
Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के सशस्त्र आतंकवादियों ने क्वेटा से पेशावर जा रही एक यात्री ट्रेन पर हमला कर दिया। इस हमले में 20 सैनिकों की मौत हो गई और आतंकवादियों ने ट्रेन में सवार 182 यात्रियों को बंधक बना लिया। इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, लेकिन लंबे समय से यहां अलगाववादी संघर्ष जारी है। BLA जैसे संगठन आजादी और अधिक संसाधनों की मांग कर रहे हैं। यह हमला भी पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ BLA के संघर्ष का हिस्सा माना जा रहा है। आतंकवादियों ने धमकी दी है कि अगर पाकिस्तानी सेना ने दखल दिया, तो सभी बंधकों को मार दिया जाएगा।

13 विद्रोहियों को मारा, गोलीबारी जारी
पाकिस्तान के Samaa TV के अनुसार ट्रेन हाईजैक के बाद पाकिस्तान सेना ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक हमले में 13 बीएलए विद्रोही मारे गए हैं, जबकि कई के घायल होने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक भारी गोलीबारी हो रही है।
20 सैनिकों की हत्या, ड्रोन गिराने का भी दावा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, BLA ने दावा किया है कि इस हमले में 20 पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया गया और एक सैन्य ड्रोन को मार गिराया गया। BLA के बयान के अनुसार, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बलूच नागरिकों को सुरक्षित छोड़ दिया गया, जबकि बाकी यात्रियों को बंधक बना लिया गया है।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान-बांग्लादेश नहीं इस एशियाई देश में घट रही हिंदू आबादी, 65 सालों में 43 फीसदी बढ़ी मुस्लिम जनसंख्या
ट्रेन में 33वीं डिविजन के जवान मौजूद
जाफर एक्सप्रेस पर हुए हमले में एक नया खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रेन में पाकिस्तानी सेना की 33वीं डिविजन के जवान भी मौजूद थे। अब तक, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 20 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया है। हालांकि, पाकिस्तानी सेना और पुलिस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मिली जानकारी के अनुसार, BLA का मुकाबला करने के लिए पाक सेना एयर स्ट्राइक की तैयारी कर रही है और एयर एसेट तैनात किए गए हैं।
रेलवे ट्रैक उड़ाकर ट्रेन को रोका
BLA ने कहा कि उसके लड़ाकों ने पहले रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाया, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई और उसके बाद आतंकवादियों ने ट्रेन पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया।
ट्रेन सुरंग में रोकी
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने PTI को बताया कि ट्रेन के अंदर से भारी गोलीबारी की खबरें आ रही हैं। यह ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी और रास्ते में सुरंग नंबर 8 के पास आतंकवादियों ने इसे रोक लिया। बलूचिस्तान के इस इलाके में 17 सुरंगें हैं, और ट्रेन की गति यहां आमतौर पर धीमी होती है। हमलावरों ने इसी का फायदा उठाया। रेलवे अधिकारी मुहम्मद काशिफ ने बताया कि ट्रेन में 450 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
सरकार ने आपातकाल घोषित किया
पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "निर्दोष यात्रियों पर हमला करने वाले आतंकवादी किसी भी तरह की रियायत के लायक नहीं हैं।" सरकार ने सिबी अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया है।
बचाव कार्य में आ रही है दिक्कत
रेलवे सुरक्षा अधिकारी मुख्तार अहमद ने बताया कि ट्रेन जिस जगह रोकी गई है, वह एक पहाड़ी और दुर्गम इलाका है। वहां केवल पैदल चलकर ही पहुंचा जा सकता है। BLA ने अपने बयान में चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तानी सेना ने कोई कार्रवाई की, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
बलूचिस्तान में लंबे समय से हिंसा जारी
बलूचिस्तान में लंबे समय से अलगाववादी विद्रोह चल रहा है। BLA जैसे संगठन अधिक संसाधनों की मांग कर रहे हैं और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। इस इलाके में आए दिन सुरक्षाबलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले होते रहते हैं। फिलहाल, पाकिस्तानी सेना इस संकट से निपटने की कोशिश कर रही है, लेकिन बंधकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें: Balochistan: क्या है बलूच लिब्रेशन पार्टी जिसने पाकिस्तान में मचा रखा है आतंक? क्या है इनकी मांग?












Click it and Unblock the Notifications