पाकिस्तान ने किया LoC पर भारत के पांच सैनिकों को मारने का दावा
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने भारत के पांच सैनिकों को मारने का दावा किया है। पाकिस्तान सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने शनिवार को एक प्रेस रिलीज जारी कर यह दावा किया।

पाक के खोखले दावे!
आईएसपीआर ने जो रिलीज जारी की है उसमें लिखा है, 'सीमा पार से फायरिंग के जवाब में भारत के पांच सैनिकों की मौत हो गई है। भारत ने शनिवार को एलओसी पर ट्टटा पानी सेक्टर में युद्धविराम तोड़ा था।' आईएसपीआर ने भारतीय सेना के बंकर्स को भी नष्ट करने का दावा किया है। पाकिस्तान की ओर से जिस दिन इस बात का दावा किया गया है उसी दिन जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में सेना के काफिले पर एक आतंकी हमला हुआ था और इस हमले में दो भारतीय सैनिक शहीद हो गए हैं। पाकिस्तान के इन दावों में कितनी सच्चाई है इस बात की तो जानकारी अभी तक नहीं हैं लेकिन नौशेरा से जुड़ा जब एक वीडियो इंडियन आर्मी ने जारी किया था उसमें बाद पाकिस्तान ने भी ऐसा ही वीडियो जारी किया था। इस वीडियो को हालांकि बाद में नकली करार दिया गया था।
इंडियन आर्मी ने मारे पाकिस्तानी आतंकी
इससे पहले इंडियन आर्मी ने बुधवार को एलओसी पर पाकिस्तान के पांच आतंकियों को मार गिराया था। ये पांच आतंकी पाकिस्तान सेना की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) का हिस्सा थे। सरकारी सूत्रों की ओर से इस बाबत जानकारी दी गई है। वहीं इस कार्रवाई में पाकिस्तान के छह आतंकी घायल भी हुए। पिछले हफ्ते इंडियन आर्मी ने 24 घंटे में पाकिस्तान समर्थित 10 आतंकवादियों को मार गिराया था। इसमें हिजबुल मुजाहिद्दीन का कमांडर सबजार भट भी शामिल था। रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने 24 मई को सेना को कश्मीर में उसकी मर्जी के मुताबिक ऑपरेशन चलाने की छूट दी है। 22 मई को इंडियन आर्मी की ओर से पाकिस्तान के बंकर्स पर कई हमले किए गए। सेना की ओर से एक वीडियो जारी किया गया जिसमें नौशेरा सेक्टर में इंडियन आर्मी की ओर से हुई कार्रवाई को दिखाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications