इमरान का पीछा नहीं छोड़ रहा ओसामा पर दिया उनका बयान, अब मंत्री ने सफाई में कहा- फिसल गई थी जुबान
इस्लामाबाद, 27 जून: पाकिस्तान आतंकवाद की फैक्ट्री है, ये बात पूरी दुनिया जानती है। पिछले साल उसका आतंक प्रेम दुनिया के सामने आ गया था, जब प्रधानमंत्री इमरान खान के मुंह से 'मन की बात' निकल गई और उन्होंने अलकायदा के पूर्व प्रमुख ओसामा बिन लादेन को शहीद बता दिया। इसके बाद दुनियाभर में उनकी जमकर आलोचना हुई। साथ ही सभी ने उन्हें आतंकियों का साथी बताया। अब सालभर बीत जाने के बाद भी उनके मंत्री इस मामले में सफाई देते फिर रहे हैं।

दरअसल पिछले साल नेशनल असेंबली के सेशन के दौरान पीएम इमरान का भी संबोधन हुआ। उस दौरान उन्होंने कहा कि हमें याद है कि कैसे अमेरिकियों ने एबटाबाद में ऑपरेशन चलाया था। उस दौरान उन्होंने ओसामा बिन लादेन को शहीद कर डाला, जिस वजह से जंग में हम उनका साथ नहीं देंगे। इसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। साथ ही कई बड़े देशों ने उनके इस बयान की आलोचना की थी। जिस वजह से अभी तक उनके मंत्री हर कार्यक्रम में इस बात पर सफाई देते रहते हैं।
हाल ही में एक न्यूज चैनल को इंटरव्यू देते हुए पाकिस्तानी सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि पीएम इमरान की जुबान उस वक्त फिसल गई थी। जिस वजह से उन्होंने लादेन को शहीद कहा था। ये एकदम सही नहीं है। पाकिस्तान सरकार अलकायदा को आतंकी संगठन मानती है। जिस वजह से ओसामा भी आतंकी हुआ। उन्होंने आगे कहा कि जब संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद पर कार्रवाई के लिए मतदान हो रहा था, तो पाकिस्तान ने उसके समर्थन में मतदान किया था। इसके अलावा आतंकवाद के खिलाफ जंग में पाकिस्तान ने ही सबसे ज्यादा कुर्बानियां दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications