पाकिस्तान में बिजली कटौती को लेकर बढ़ा लोगों का गुस्सा, मंत्री बोले- दिन की रोशनी में करो काम
पाकिस्तान में भारी बिजली संकट के बीच प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने अधिकारियों को अगले 24 घंटों के भीतर देश में बिजली के लोड-शेडिंग को कम करने के लिए एक आपातकालीन योजना तैयार करने का निर्देश दिया है।
इस्लामाबाद, 05 जूनः पाकिस्तान में भारी बिजली संकट का दौर चल रहा है। लोग भीषण गर्मी में बिजली की लगातार कटौती से नाराज चल रहे हैं। लोगों की बढ़ती नाराजगी के बीच प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने अधिकारियों को अगले 24 घंटों के भीतर देश में बिजली के लोड-शेडिंग को कम करने के लिए एक आपातकालीन योजना तैयार करने का निर्देश दिया है। वहीं, बिजली की बचत के लिए रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सुझाव दिया है कि बिजली बचाने के लिए दिन की धूप का लाभ उठाया जाए। रात को बाजार को सख्ती से बंद कराया जाना चाहिए।
Recommended Video

लोगों में बिजली कटौती को लेकर गुस्सा
पाकिस्तान में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है वहीं दूसरी तरफ काफी देर-देर तक बिजली गुल रहती है। पाकिस्तान के औद्योगिक इलाकों में बिजली कटौती से निर्माण कार्य में समस्या हो रही है और व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे आमलोग सहित पाकिस्तान के व्यापारियों में भी गहरी नाराजगी है।

प्रधानमंत्री ने लिया जायजा
पाकिस्तान सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्री मरियम औरंगजेब ने मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने शनिवार को 5 घंटे लंबी बैठक के दौरान देश में बिजली की गंभीर होती स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।

बिजली कटौती को लेकर चर्चा
मरियम औरंगजेब ने कहा है कि ऊर्जा, पेट्रोलियम और वित्त मंत्रियों की एक समिति को एक बिजली आपूर्ति को लेकर कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा है। डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक बैठक में संघीय मंत्रियों और उच्च स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में घंटों हो रही बिजली कटौती पर चर्चा की गई। इस दौरान पीएम ने यह वादा किया है कि लोड शेडिंग को धीरे-धीरे कम करने की योजना का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार ने लोगों से वादा किया है कि लोड शेडिंग की समस्या पर युद्धस्तर से काम हो रहा है।

मंत्री ने दिया अनोखा सुझाव
बतातें चलें कि पाकिस्तान के कई हिस्सों में बिजली कटौती की समस्या से लोगों में भारी गुस्सा है। बिजली की बचत के लिए रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सुझाव दिया है कि बिजली बचाने के लिए दिन की धूप का लाभ उठाया जाए। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि हमारे यहां बाजार दोपहर 1 बजे खुलते हैं और रात एक बजे बंद होते हैं। यह दुनिया में और कहीं नहीं होता है। अगर हम बाजार को बस धूप में खोलते हैं और अंधेरा होने पर बंद कर देते हैं तो इससे 3,500 मेगावाट बिजली बचाई जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications