क्रिकेट का बैट अब पाकिस्तान में 'जूता अटैक' से बचाएगा इमरान खान को
पाकिस्तान में जुलाई में संसदीय चुनाव होने वाले हैं और इन चुनावों में क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान सबसे बड़ा दांव खेल रहे हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के मुखिया इमरान खान इस बार पूरे जोशो-खरोश से चुनावी मैदान में हैं।
कराची। पाकिस्तान में जुलाई में संसदीय चुनाव होने वाले हैं और इन चुनावों में क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान सबसे बड़ा दांव खेल रहे हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के मुखिया इमरान खान इस बार पूरे जोशो-खरोश से चुनावी मैदान में हैं। इमरान का सपना इस बार पाकिस्तान के चुनावों में बड़ी जीत हासिल करके प्रधानमंत्री के पद पर आना है। लेकिन इस सपने के बीच में ही आए दिन होते शू अटैक ने उनके लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। 13 मार्च को पंजाब प्रांत के गुजरात शहर में इमरान पर जूता फेंका गया था। अब इमरान ने इस हमले से निबटने के लिए उस हथियार की मदद ली है जो क्रिकेट मैदान कभी उनकी टीम का हथियार हुआ करता था। इमरान खान के समर्थकों ने एक 'बैट फोर्स' तैयार की है।

अगर फेंका जूता तो होगी पिटाई
बैट फोर्स में शामिल सदस्यों ने लोगों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने इमरान पर जूता फेंका तो फिर वह क्रिकेट बैट से उनकी पिटाई करेंगे। इमरान पर 13 मार्च को जूता फेंका गया था लेकिन यह जूता उनके पार्टी के नेता अलीम खान को लगा था। पीटीआई वर्कर्स लगातार बढ़ते जूता अटैक से खासी चिंतित है और इसलिए उन्होंने इस फोर्स को तैयार किया है। पाकिस्तान के अखबार एक्सप्रेस न्यूज की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है।

बैट फोर्स से घिरे इमरान
गुंजरावाला में इमरान के दौरे पर पीटीआई के वर्कर्स एक साथ मौजूद थे और उन्होंने किसी भी तरह के जूता अटैक से उन्हें बचाने के लिए कुछ रणनीतियां तैयार कर रखी थीं। उन्होंने इस बात की पूरी कोशिश की थी इमरान पर कोई और हमला न होने पाए। एक्सप्रेस न्यूज के मुताबिक वर्कर्स के हाथों में क्रिकेट बैट थे और उन्होंने ऐलान कर दिया था कि अब वह क्रिकेट बैट से इमरान की रक्षा करेंगे।

1992 में पाक को दिलाया था वर्ल्ड कप
पीटीआई यूथ अब इमरान खान को सुरक्षा देगी और हर दौरे पर उनके करीब रहेगी। पार्टी के वर्कर्स का कहना है कि इमरान खान हमारे मेहमान हैं और हम उन्हें किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचने देंगे। आपको बता दें कि पाकिस्तान ने साल 1992 में इमरान खान के नेतृत्व में क्रिकेट का वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। इमरान खान फिलहाल गुंजरावाला में हैं और यहां पर वह पार्टी के नौ कैंप्स का दौरा करेंगे और पार्टी वर्कर्स को संबोधित करेंगे।

नवाज शरीफ को बताया दोषी
गुजरात में हुई घटना दूसरी घटना थी जिसमें इमरान खान पर जूता फेंकने की कोशिश की गई थी। जिस व्यक्ति ने इमरान को निशाना बनाने की कोशिश की थी उसे पकड़ लिया गया था। लोगों ने उसकी पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। इस घटना से सिर्फ दो दिन पहले ही फैसलाबाद में जब इमरान एक रैली को संबोधित करने वाले थे तो उस समय भी उन पर जूते से हमला करने की कोशिश की गई थी। पार्टी के इनफॉर्मेशन सेक्रेटरी फवाद चौधरी ने आरोप लगाया है कि नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) इसके लिए जिम्मेदार है।












Click it and Unblock the Notifications