कराची में एक रेस्टोरेंट की 'गांधीगिरी', भारतीयों को मिल रहा फ्री खाना
कराची। जहां एक ओर भारत की फाइनेंशियल कैपिटल मुंबई में गुलाम अली, खुर्शीद महमूद कसूरी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख शहरयार खान पर बवाल मचा है तो वहीं पाक की फाइनेंशियल कैपिटल कराची में गांधीगिरी की मिसाल पेश की जा रही है।

यहां पर एक अमेरिकी रेस्टोरेंट चेन डंकिन डोनट्स में भारतीयों को फ्री में खाना खिलाने की पेशकश की गई है। यह पेशकश मुंबई में कुछ होटलों की ओर से पाक परिवारों को कमरे देने से मना करने के बाद की गई है।
पाक के न्यूजपेपर डॉन के मुताबिक कराची, लाहौर, इस्लामाबाद और पेशावर में डंकिन डोनट्स 26 फ्रेंचाइजी के मालिक इकबाल लतीफ ने इसके लिए महात्मा गांधी से प्रेरणा ली है।
इकबाल ने कहा है कि यह बड़ी बात नहीं है, लेकिन गांधी जी की शिक्षा को लागू करने का एक प्रयास है, जिन्होंने जीवन भर प्यार और सह-अस्तित्व का संदेश दिया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीयों को मुफ्त भोजन देने की पेशकश पिछले सप्ताह शुरू हुई और इसे बहुत उत्साही प्रतिक्रिया मिल रही है। लतीफ ने कहा, हम लोगों ने पेशावर, इस्लामाबाद और लाहौर में 2,432 लोगों को सेवाएं दी। उन सभी ने इसे पसंद किया।
गौरतलब है कि मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में कराची के छह लोगों के एक परिवार को होटल मालिकों ने कमरे देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद इन लोगों ने सड़कों पर रात गुजारी थी।












Click it and Unblock the Notifications