नोएडा: PCR वैन पर तैनात सब-इंस्पेक्टर के साथ महिलाओं ने की बदसलूकी, फाड़ी वर्दी
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। यहां पीसीआर-52 पर तैनात सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह व एक सिपाही के साथ महिलाओं और कुछ युवक ने बदसलूकी की और वर्दी फाड़ दी। बता दें कि यह घटना 27 जनवरी की रात गेझा इलाके में हुई।

नोएडा फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक फरमूद अली पुंडीर ने बताया की पीसीआर- 52 पर सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह 27 जनवरी की रात को तैनात थे। देर रात कैब चालक अजीत ने पुलिस को फोन किया कि उसके साथ गेझा गांव के शराब के ठेके के पास कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुखबीर सिंह जब मौके पर पहुंचे तो दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने अजीत की शिकायत पर कन्नौज निवासी दीपक को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में ले लिया। दीपक को पीसीआर में बिठा लिया। तभी अजीत और उसके साथ कुछ युवक और महिलाएं दीपक को पीसीआर से जबरदस्ती नीचे उतार कर उससे मारपीट करने की जिद करने लगे। उन्होंने बताया कि सुखबीर सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और वर्दी फाड़ दी। घटना के संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications