Noida: ई-रिक्शा से 45 लाख कैश लेकर जा रहा था शख्स, पुलिस ने गिरफ्तार कर मनी लॉन्ड्रिंग में दर्ज किया केस
Noida News: ई-रिक्शा से 45 लाख रुपए कैश लेकर जा रहे है एक शख्स को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शख्स के पास से पांच फर्जी आधार कार्ड भी मिले हैं। बुधवार 26 जुलाई को गिरफ्त में आए शख्स के खिलाफ पुलिस ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा पुलिस की गिरफ्त में आए शख्स की पहचान 40 वर्षीय जगजीवन उर्फ बाबू के रूप में हुई है। जगजीवन उर्फ बाबू मेरठ का रहने वाला है और मनी लॉन्ड्रिंग गिरोह का हिस्सा है। अतिरिक्त डीसीपी (नोएडा) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग गिरोह ब्लैक मनी का व्हाइट करता है।

उन्होंने बताया कि बुधवार 26 जुलाई को एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद सेक्टर 113 थाने के प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने तलाशी के दौरान एक ई-रिकशा से जगजीवन उर्फ बाबू को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। इस दौरान जगजीवन उर्फ बाबू के पास से बैग में 500 रुपए के नोट के 45 लाख रुपए बरामद हुए।
इतना ही नहीं, जगजीवन उर्फ बाबू के पास से पांच फर्जी आधार कार्ड भी पुलिस ने बरामद किए। पूछताछ में जगजीवन उर्फ बाबू ने पुलिस को बताया कि यह पैसा तीन लोगों ने उसे दिया था। इस पैसे को देकर 2000 रुपए के नोट बदले जाने थे। पुलिस द्वारा आयकर विभाग को 45 लाख रुपए कैश मिलने की सूचना दे दी गई है।
अतिरिक्त डीसीपी (नोएडा) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह हवाला का कारोबार करता है। बताया कि पुलिस रैकेट में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस मामले में पुलिस ने जगजीवन के अलावा जितेंद्र, राहुल और सरदारजी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि सेक्टर 113 के पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 419, 420, 467, 468, 471 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि 120बी के तहत आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications