Noida: सोते हुए युवक की गोली मारकर हत्या के मामले का 24 घंटे में खुलासा, पिता और भाई निकले कातिल
इस हत्या के मामले में अगर आरोपी पिता और भाई की माने तो कपिल को मौत के घाट उतारने के एलावा उनके पास और कोई चारा नहीं था। कपिल खुद एक हत्या के मामले में 10 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था।

बीते रविवार को ग्रेटर नोएडा की बादलपुर थाना क्षेत्र में हुई 30 वर्षीय कपिल की हत्या का हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या के मामले में उसके पिता, उसके भाई और भाई के एक मित्र को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने मिलकर घर में सो रहे युवक की गोली मारकर और धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी और उसके बाद फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पिता और भाई ने की थी कपिल की हत्या
बता दें कि थाना बादलपुर क्षेत्र के ग्राम दुरियाई गाँव मे रविवार को सुबह 5 बजे घेर में सो रहे कपिल नाम के युवक की गोली मारकर और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के मामा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच में जुट गई। पुलिस ने आस-पास लगे क़रीब सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस टीम व मैनुअल इंटेलीजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर मृतक कपिल की हत्या का 24 घण्टे के अन्दर खुलासा करते हुए मर्तक के पिता.रूकन सिंह, मर्तक के भाई रोबिन और उसके भाई के दोस्त हर्ष उर्फ भोला को चौकी धूममानिकपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
Recommended Video

पिता और भाई की वजह से हुई थी कपिल को जेल
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी राम बदन सिंह ने बताया कि मृतक कपिल द्वारा वर्ष 2012 में अपने चचेरे भाई निशान्त की अपहरण कर हत्या कर दी गयी थी। उस मुक़दमे में मृतक कपिल के पिता व भाई चश्मदीद गवाह थे और इन दोनों ने कपिल के विरुद्ध गवाही दी थी। जिसमें मृतक कपिल को सजा हुई थी। मृतक कपिल लगभग 10 वर्ष जेल में था। इस दौरान मृतक के भाई व पिता उससे मिलने एक बार भी जेल नहीं गए। इस बात से मृतक कपिल अपने पिता व भाई से नाराज था। वहीं मृतक कपिल फरबरी में जिला कारागार से रिहा हो गया था।

जायदाद में मांग रहा था हिस्सा, देता था धमकी
जेल से आने के बाद मृतक कपिल अपने पिता रूकन सिंह से जमीन में आधा हिस्सा मांग रहा था। नही देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। इस बीच मृतक ने अपने पिता के साथ कई बार गाली-गलौच करते हुए कहा था कि अगर जमीन नही दोगे तो कल का सूरज नही देख पाओगे। यहां तक की उसने अपनी बहन को फोन करके उनकी बेटियों के साथ गलत काम कर हत्या करने की धमकी तक दे डाली।
सोते हुए उतारा मौत के घाट
बहन ने जब ये बात अपने भाई रोबिन व पिता को बताई तब दोनो ने मिलकर मृतक कपिल को मारने की योजना बनाई। रोबिन ने अपने दोस्त हर्ष उर्फ भोला को बुलाया और तीनो ने यह तय किया कि सुबह तीनों अपनी गाड़ी से जाकर सोते समय उसकी हत्या कर देंगे। इसी प्लान के अनुसार यह लोग रविवार को सुबह 4 बजे घर से चले और ग्राम दुरियाई में जाकर कपिल को गोली मारकर व धारदार हथियार से हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications