नोएडाः कोरोना संदिग्ध बहू को बच्चे के साथ आधी रात में मायके छोड़ आए ससुराल वाले
नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली के पारसौल गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कोरोना संदिग्ध बहू को ससुराल वाले रात के वक्त मायके छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इस बात की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर महिला और उसके चार साल के बेटे सहित परिवार के चार लोगो को क्वारंटाइन सेंटर भिजवाया गया।

दरअसल, पारसौल गांव की रहने वाली एक युवती की बुलंदशहर के अकबरपुर गांव में शादी हुई थी। युवती लॉकडाउन के वक्त बीमार हो गई। इसके बाद ससुराल के लोग कार में युवती को लेकर रात के समय पारसौल गांव आए और घर के बाहर युवती को छोड़कर चले गए। जब ग्रामीणों को इसका पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवती उसके बच्चे और परिवार के अन्य दो लोगों को क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया।
इसके अलावा दूसरी घटना गाजियाबाद जिले की है, जहां का रहने वाला युवक लॉकडाउन के दौरान मायके में फंसी पत्नी को लेने उसके मायके गया। हालांकि इस बात की भनक जैसे ही गांव वालों को लगी तो उन्होंने पुलिस को इस बात की सूचना दे दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची उधर गांव के लोगों ने ससुराल आ रहे दामाद को भगा दिया।












Click it and Unblock the Notifications