नोएडा के पॉश इलाके में हुई गोलीबारी, एक की मौत एक की हालत गंभीर
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-46 में गार्डन गैलेरिया सोसाइटी के बाहर अज्ञात बाइक सवार बदमााशों ने सरेआम ताबड़तोड़ गोली चलाई। इस गोलीबारी में पैदल जा रहे दो लोगों को गोली लग गई। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अनिल निवासी फिरोजाबाद के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम हरिनाथ बताया गया है। पुलिस ने अनिल का अपराधिक रिकॉर्ड भी बताया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं गैंगवार में उसकी हत्या न की गई हो।

गोलीबारी की सूचना पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। बताया जा रहा है कि देर शाम गार्डन गैलेरिया सोसाइटी स्थित एचडीएफसी बैंक के पास से दो युवक पैदल जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाश आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें पैदल चल रहे दो लोगों को गोली लगी। सोसाइटी के गेट पर तैनात गार्ड फायरिंग की आवाज सुनकर वहां पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई। दूसरे को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया।

इस घटना के बाद एसएसपी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड की टीम पहुंची और नमूने लिए। बाद में एसएसपी डा. अजय पाल शर्मा ने कोतवाली सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह को हटा दिया। एसएसपी ने निरीक्षक उदयप्रताप को कोतवाली सेक्टर-39 का नया प्रभारी बनाया है। एसएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला रंजिश या प्रेम प्रसंग का लग रहा है। पुलिस अभी सभी एंगल पर जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications