दुकान पर बाइक रिपेयर करा रहा था युवक, पीछे से नकाब पहने आए बदमाश ने मार दी गोली
Noida news, नोएडा। ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या की घ्टना से सनसनी फैल गई। युवक एक मकैनिक की दुकान पर बाइक ठीक कराने आया था। इसी दौरान युवक की अज्ञात बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। पुलिस हमलावर की तलाश में जुट गई है।
दादरी कोतवाली एरिया के दादरी बाईपास फ्लाईओवर के पास मंगलवार को दोपहर में नरेश नाम का युवक अपनी बाइक ठीक कराने के लिए आया था। नरेश राजमिस्त्री का काम करता था। नरेश जब अपनी बाइक ठीक करा रहा था तभी पीछे से एक बदमाश आया और दुकान में घुसकर नरेश के साथ मारपीट करने लगा। इससे पहले की कोई कुछ समझता नकाब पहने बदमाश ने नरेश को गोली मार दी। गोली लगते ही नरेश लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इस घटना के बाद दुकान में काम कर रहे युवक वहां से भाग खड़े हुए।

बाद में बदमाश के जाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने नरेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ दादरी अवनीश कुमार का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा












Click it and Unblock the Notifications