नोएडा में 18 साल के लड़के ने फांसी लगाकर दी जान, सामने आया टिक-टॉक कनेक्शन
नोएडा। देश की राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में 18 साल के एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। युवक का शव घर पर ही फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना से घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतरवाया। पुलिस ने घरवालों से पूछताछ के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह दिनभर फोन पर लगा रहता था। टिक-टॉक पर वीडियो बनाता था।

टिक-टॉक पर वीडियो बनाकर अपलोड करता था इकबाल
सहायक पुलिस आयुक्त अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, मामला सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव का है। चांद मस्जिद के पास रहने वाला 18 वर्षीय इकबाल ने गुरुवार देर रात अपने घर के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने बताया कि इकबाल टिक-टॉक वीडियो बनाकर अपलोड किया करता था। कुछ दिनों से वह परेशान था क्योंकि उसके टिक-टॉक वीडियो को लाइक और व्यूज नहीं मिल रहे थे।
लाइक नहीं मिलने से था परेशान
अरुण सिंह ने बताया कि इकबाल ने गुरुवार देर रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि टिक-टॉक पर उसकी वीडियो को लाइक नहीं मिल रहे थे, जिसकी वजह से वह परेशान था। बता दें, ऐसे घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं जब टिक-टॉक के चक्कर में लोग अपनी जान गवां चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications