सहायता के लिए कार से लड़की ने किया फोन, पहुंचने पर चौंक गई पुलिस टीम
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रुम को एक फोन आया था जिसमें एक लड़की चीख-चिल्ला रही थी। हालांकि बाद में मामला फर्जी निकला।
नई दिल्ली। राजधानी में एक लड़की ने कार से दिल्ली पुलिस को फोन किया और सहायता मांगी। लड़की के फोन पर दिल्ली पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची तो चौंक गई। आखिर क्या हुआ ऐसा?

लड़की ने मस्ती के लिए किया था दिल्ली पुलिस को फोन
हुआ यूं कि कार से लड़की के फोन आने के बाद जैसे ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें पता चला कि उन्होंने मस्ती के लिए ये फोन किया था।
पूरे मामले को लेकर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रुम को एक फोन आया था जिसमें एक लड़की चीख-चिल्ला रही थी। उसने बताया कि वो कार के अंदर है और कार धौलाकुआं की ओर जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने धौलाकुआं ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट किया। इसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैरिकैडिंग कर दी। इसके बाद जैसे ही उन्होंने कार रोका तो कार के अंदर का हाल देखकर चौंके बिना नहीं रह सके। कार में पुलिस टीम को दो लड़के मिले, जिनकी पहचान सोनू और जोगिंदर के तौर पर हुई है।
फोन कॉल निकली फर्जी
ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत ही उन्हें स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि वह उस लड़की के दोस्त हैं। उन्होंने ये फोन कॉल केवल मजाक और मस्ती के लिए किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये एक फर्जी फोन कॉल थी। लड़की और लड़के आपस में दोस्त थे और उन्होंने शराब पीकर ये कॉल किया था।
उन्होंने बताया कि वो पार्टी से लौट रहे थे और मस्ती के लिए पुलिस को फोन कर दिया। इस दौरान लड़की ने सहायता के लिए शोर मचाया।
कार में पुलिस को मिले दो लड़के
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उन्हें छोड़ दिया गया है और उनके खिलाफ कोई केस रजिस्टर नहीं किया गया है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने वाले दिल्ली पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को कमिश्नर खास इनाम देंगे। ये पुलिसकर्मी हैं- सब इंस्पेक्टर संजय पंघल, हेड कॉन्स्टेबल रविंद्र और कॉन्स्टेबल बलराज।












Click it and Unblock the Notifications