दिल्ली में फिर शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान, मंगलोपुरी में चला बुलडोजर
नई दिल्ली, 10 मई। अतिक्रमण अभियान को लेकर पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार चर्चा हो रही है। पहले जहांगीरपुरी फिर शाहीन बाग और अब न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी में इस अभियान की चर्चा हो रही है। आज दिल्ली म्युनिसिपल बोर्ड न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी में अतिक्रमण अभियान चलाने जा रहा है। कॉलोनी में बुलडोजर लाए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमे देखा जा सकता है कि बुलडोजर कॉलोनी में पहुंच रहा है और इसके साथ कुछ दिल्ली पुलिस के जवान भी चल रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में भी अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है, यहां सड़ पर बने अवैध निर्माण और सामान को बुलडोजर की मदद से हटाया जा रहा है।

पुलिस ने पहले इलाके के लोगों को विश्वास में लिया और बताया कि सिर्फ सरकारी जमीन पर बने अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इस अभियान में एमसीडी ने सरकारी जगह पर बनी अवैध दुकानों को तोड़ा। किसी भी पक्के निर्माण को अभी इस अभियान में नहीं तोड़ा गया है। वहीं दिल्ली के प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि 90 फीसदी अतिक्रमण को लोगों ने खुद ही हटा दिया था। लोगों ने इस अभियान में खुद से सहयोग किया है। इस अभियान को चलाने के लिए एमसीडी और दिल्ली पुलिस ने पुख्ता तैयारी की थी। पुलिस बल को इलाके में बिल्डिंग की छतों पर भी तैनात किया गया था, जिससे कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक ना हो।
एमसीडी के अधिकारी ने बताया कि मंगोलपुरी में उन इलाकों से ही अतिक्रमण को हटाया गया जहां अवैध निर्माण किया गया था। 70 फीसदी अवैध दुकानों को लोगों ने खुद ही हटा लिया था और लिहाजा सिर्फ 30 फीसदी दुकानों को ही एमसीडी के बुलडोजर ने तोड़ दिया। इस अभियान के साथ ही मंगोलपुरी में अतिक्रमण अभियान को खत्म कर दिया है। वहीं न्यूफ्रैंड्स कॉलोनी में अब एमसीडी का बुलडोजर चलेगा। मंगोलपुरी में अतिक्रमण अभियान के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications