दिल्ली में सबसे बड़ी लूट, सैमसंग के 25 करोड़ के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का कंटेनर गायब
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार रात लूट की सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। हथियारबंद लुटेरे 25 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से लदे ट्रक को लेकर फरार हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि ट्रक सैमसंग के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा से नोएडा ले जा रहा था।
जैसे ही वह दक्षिणी दिल्ली के सरिता विहार पहुंचा, कार सवार हथियारबंद लोगों ने उसे रोक लिया। पुलिस अधिकारी ने कहा, "हथियारबंद लोग कार से उतरे और ट्रक के चालक तथा खलासी की जमकर पिटाई की। उसके बाद उन्होंने ट्रक का जीपीएस बंद कर दिया और उसे लेकर फरार हो गए।"
लूटे गए उपकरण सैमसंग कंपनी के हैं, जिसे कोरिया से आयात किया गया था। उनमें इंटीग्रेटेड सर्किट तथा महंगे मोबाइल फोन के मदरबोर्ड हैं। पुलिस ने कहा कि ट्रक की तलाश जारी है। पुलिस के कई दल उसकी तलाश कर रहे हैं। इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि घटना के बाद मथुरा तथा पश्चिमी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के अन्य भागों में छापेमारी की जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications