केजरीवाल सरकार ने दिया तोहफा, न्यूनतम वेतन में 37 फीसदी बढ़ोतरी को दी मंजूरी
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने होली से पहले लाखों कर्मचारियों को तोहफा दिया है।
नई दिल्ली। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने होली से पहले लाखों कर्मचारियों को तोहफा दिया है। दिल्ली सरकार ने शनिवार को अकुशल, सेमी स्किल और कुशल कर्मियों के न्यूनतम वेतन में करीब 37 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य मंत्रिमंडल के इस फैसले की घोषणा करते हुये कहा कि दिल्ली सरकार ने पूर्व उप राज्यपाल नजीब जंग की तरफ से बनाई गई 15 सदस्यीय समिति की इस संबंध में की गई सभी सिफारिशों को मंजूरी कर लिया। आपको बताते चले कि इस समिति का गठन न्यूनतम मजदूरी में संशोधन की सिफारिशें देने के लिये वर्ष 2016 में किया गया था। दूसरी बार दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने को मंजूरी दी है।
इससे पहले पूर्व उप राज्यपाल नजीब जंग ने पिछले साल सितंबर 2016 में राज्य सरकार की तरफ से दी गई नियुक्त समिति की सिफारिशों को निरस्त कर दिया था।
मंत्रिमंडल के निर्णय के मुताबिक अकुशल कर्मियों का न्यूनतम वेतन 9,724 रुपए से बढ़कर 13,350 रुपए मासिक होगा। सेमी-कुशल कर्मियों के लिए इसे 10,764 रुपए से बढ़ाकर 14,698 रुपए और कुशल कर्मचारियों के लिये 11,830 रुपए से बढ़ाकर 16,182 रुपए मासिक करने की सिफारिश की गई है।
सरकार की तरफ से बनाई गई समिति ने न्यूनतम वेतन में 50 फीसदी वेतन बढ़ोतरी की सिफारिश की गई थी। अकुशल वर्ग के लिए इसे बढ़ाकर 14,052 रुपए, अर्ध-कुशल के लिये 15,471 रुपए और कुशल के लिए 17,033 रुपए प्रति माह करने की सिफारिश की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications