दिल्ली में कोरोना हालात: रिकॉर्ड मौतों के बीच अंतिम संस्कार के लिए जगह की कमी, मरीज पंजाब में हो रहे हैं भर्ती
दिल्ली में कोरोना हालात: रिकॉर्ड मौतों के बीच अंतिम संस्कार के लिए जगह की कमी, मरीज पंजाब में हो रहे हैं भर्ती
नई दिल्ली, 27 अप्रैल: भारत सहित दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड मौत दर्ज किए गए हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 380 मरीजों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है। दिल्ली में एक दिन में होने वाले मौतों का ये सबसे ज्यादा आंकड़ा है। बीते एक दिन में दिल्ली में 20,201 कोरोना के नए केस सामने आए हैं, वहीं पॉजिटिविटी रेट 35 फीसदी है। दिल्ली में पिछले कई दिनों से 350 से ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत हो रही है। हर दिन इतनी बड़ी संख्या में मौत और कोविड के नए केस की वजह से मेडिकल सिस्टम ठप्प हो गई है। ऑक्सीजन, बेड्स, आईसीयू बेड्स, रेमेडिसविर की कमी से जूझ रहे दिल्ली में अब अंतिम संस्कारों के भी जगह की कमी हो रही है। पिछले एक हफ्ते से दिल्ली में हर दिन औसतन 300 से ज्यादा मौतें हो रही हैं। दिल्ली में सोमवार को 350 मौतें दर्ज की गईं, रविवार को यह 357 थी, और उससे एक दिन पहले शनिवार को 348 थी।

दिल्ली में अंतिम संस्कार लिए जगह की कमी, 100 नए प्लेटफार्मों का निर्माण शुरू
अंतिम संस्कार करने के लिए मृतकों के मरीज श्मशान घाट के बाहर लंबी लाइन लगाकर अपनी पारी का इतंजार कर रहे हैं। उदाहरण के लिए, सराय काले खां श्मशान स्थल में हर दिन लगभग 60 से 70 शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। लेकिन यहां सुविधा की क्षमता केवल 22 है।
एनडीटीवी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर दिल्ली में सराय काले खां श्मशान स्थल के पास 100 नए प्लेटफार्मों का निर्माण किया जा रहा है। सराय काले खां श्मशान स्थल से जुड़े एक शख्स ने कहा है कि नए प्लेटफार्मों के निर्माण को पूरा करने के लिए बहुत ज्यादा दबाव है। इस प्रोजेक्ट के ठेकेदार पशुपति मंडल ने कहा है कि 100 नए प्लेटफार्मों में 20 आज रात (27 अप्रैल) तक तैयार किए जाएंगे। कुछ और दिनों में बाकी 80 भी बना दिए जाएंगे।
दिल्ली के कोविड मरीज पंजाब में एडमिट होने को मजबूर
दिल्ली में ऑक्सीजन और आईसीयू बेड की भारी कमी के कारण कोविड-19 रोगियों को इलाज के लिए पंजाब के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। पंजाब में कोरोना वायरस के मामले दिल्ली की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। पंजाब में सोमवार (26 अप्रैल) को 6,318 नए मामले सामने आए हैं और 98 मौतें हुईं।
पंजाब के एक अधिकारी ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा है कि राज्य में हालात अभी काबू में हैं, अस्पताल में बेड्स भी हैं। हालांकि केस बढ़ने की चिंता भी है।
दिल्ली में कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट वालों को भी करना होगा एडमिट
अब दिल्ली में मध्यम और गंभीर लक्षण वाले मरीजों की RT-PCR टेस्ट में कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी स्पतालों को उन्हें इलाज के एडमिट करना होगा। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने ये आदेश जारी किया है। दिल्ली के सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस के मध्यम और गंभीर लक्षण वाले मरीजों को हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट किया जाए। कोई भी अस्पताल इसके लिए मना नहीं कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications