CRPF अफसर का स्टाफ कोरोना पॉजिटिव, सील किया गया हेडक्वार्टर
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की बिल्डिंग में एक कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। पॉजिटिव मामले के बाद सीआरपीएफ मुख्यालय को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और पूरी बिल्डिंग को सैनिटाइज किया जाएगा। वहीं इस बिल्डिंग में किसी भी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय में विशेष महानिदेशक (SDG) पद पर काम कर रहे अधिकारी का निजी सचिव संक्रमित पाया गया है। इसलिए अर्द्धसैन्य बल ने इमारत को सील कर दिया गया है।

सीआरपीएफ के कुल 40 अधिकारियों और कर्मचारियों सहित एक विशेष महानिदेशक रैंक के अधिकारी, उप महानिरीक्षक को भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही मुख्यालय बिल्डिंग में किसी के भी आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सीआरपीएफ और स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित स्टाफ के संपर्क में आने वालों का पता लगाने में जुट गए हैं। बता दें, राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 (COVID-19) के 384 नए मामले सामने आए। इससे दिल्ली में वायरस से संक्रमण के कुल केस बढ़कर 4122 हो गए हैं। जबकि शनिवार को इस वायरस के संक्रमण से 3 और लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 64 मौतें हुई हैं।
शनिवार को सीआरपीएफ की दिल्ली स्थित बटालियन के 12 और जवान कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। ये जवान मयूर विहार फेज-3 में स्थित 31वीं बटालियन के सदस्य हैं। इसके साथ ही कोरोना वायरस से संक्रमित सीआरपीएफ के जवानों की तादाद 122 पहुंच गई है, जबकि अभी 150 जवानों की जांच रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। इससे पहले सब-इंस्पेक्टर रैंक के 55 साल के अधिकारी की कोरोना संक्रमण से मौत हुई थी। 26 अप्रैल को 15 सीआरपीएफ जवान पॉजिटिव पाए गए थे, जिसमें एक सहायक सब-इंस्पेक्टर और चार हेड कांस्टेबल उसी बटालियन के हैं। वहीं, 24 अप्रैल को 9 और जवान कोरोना वायरस टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications