सत्येन्द्र जैन की बेटी और OSD निकुंज की नियुक्ति की जांच करेगी CBI
भाजपा नेता विजेंदर गुप्ता ने बीते जुलाई माह में निकुंज अग्रवाल की नियुक्ति को कटघरे में खड़ा किया था। गुप्ता ने निकुंज को केजरीवाल का रिश्तेदार बताया था और जांच की मांग की थी।
नई दिल्ली। नजीब जंग दिल्ली के उप-राज्यपाल तो नहीं रहे लेकिन जाते-जाते भी उन्होंने दिल्ली सरकार के लिए मुश्किल खड़ी कर दी। एक तरफ जहां नजीब जंग ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की बेटी सौम्या जैन को स्वास्थ्य विभाग में सलाहकार नियुक्त करने का मामला सीबीआई को सौंप दिया। तो दूसरी तरफ सीबीआई ने मंत्री के OSD पद पर निकुंज अग्रवाल की नियुक्ति में अनियमितता के मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सीबीआई ने दावा किया है कि चाचा नेहरु बाल चिकित्सालय के सीनियर रेजिडेंट निकुंज अग्रवाल की OSD पद पर नियुक्ति सभी नियमों का उल्लंघन कर हुई है।

आपको बता दें कि भाजपा नेता विजेंदर गुप्ता ने बीते जुलाई माह में निकुंज अग्रवाल की नियुक्ति को कटघरे में खड़ा किया था। गुप्ता ने निकुंज को केजरीवाल का रिश्तेदार बताया था और जांच की मांग की थी। नजीब जंग ने राज्यपाल पद से इस्तीफा देने से पहले मामला सीबीआई को सौंप दिया था। सीबीआई ने अपने एफआईआर में दिल्ली सरकार के अज्ञात अधिकारी का नाम दर्ज किया है। दिल्ली सरकार के डिप्टी सेक्रेटरी (विजिलेंस) के एस मीणा की शिकायत पर दर्ज शिकायत में चाचा नेहरु बाल चिकित्सालय के निदेशक अनूप मोहता और निकुंज अग्रवाल को आरोपी बनाया है।
शिकायत में कहा गया है कि निकुंज को चिकित्सालय में सीनियर रेज़िडेंट (आर्थोपेडिक) पद पर एडहॉक बेसिस पर नियुक्त किया गया, जबकि ऐसी कोई पोस्ट उपलब्ध ही नहीं थी। अस्पताल ने इसके लिए कोई इंटरव्यू नही कराया और ना ही कोई विज्ञापन प्रकाशित कराया। इसके साथ ही निकुंज को IIM अहमदाबाद में ट्रेनिंग कार्यक्रम और पेइचिंग की आधिकारिक यात्रा को नियमों का उल्लंघह करार दिया। निकुंज 3 अगस्त 2016 के बाद भी अपने पद पर बने रहे, जबकि यह रेगुलर बेसिस पर भर चुका था।












Click it and Unblock the Notifications