दिल्ली के एमसीडी चुनाव में किस पार्टी के हैं सबसे ज्यादा दागी कैंडिडेट?
एडीआर ने जो ताजा रिपोर्ट जारी की है उसके मुताबिक कुल 173 दागी उम्मीदवार एमसीडी के चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनावों में सिर्फ चार दिन बाकी है लेकिन एक बड़े खुलासे ने बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तीनों की पोल खोल दी है। खुलासे में ये साफ हो गया है कि साफ सुथरी राजनीति की बात करने वाली ये पार्टियां जब टिकट देने की बारी आती है तो दागियों से दोस्ती कर लेती हैं।

एडीआर ने जो ताजा रिपोर्ट जारी की है उसके मुताबिक कुल 173 दागी उम्मीदवार एमसीडी के चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। केवल गंभीर अपराध की बात की जाए तो 1 उम्मीदवार पर हत्या का मामला दर्ज है तो 15 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास का मामला चल रहा है जबकि 23 उम्मीदवारों के ऊपर महिलाओं के साथ अपराध का मामला चल रहा है। एडीआर ने कुल 2,315 उम्मीदवारों के रिकॉर्ड को खंगाला है।
बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तीनों दलों की बात की जाए तो सबसे ज्यादा बीजेपी के 35 उम्मीदवारों पर क्रिमिनल केस पेंडिंग है। वही कांग्रेस के 21 और आम आदमी पार्टी के 13 उम्मीदवारों के खिलाफ क्रिमिनल केस पेंडिंग है।
एडीआर ने अपने ताजा रिपोर्ट में दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाग ले रहे उम्मीदवारों की संपत्ति को लेकर भी फैक्टस जारी किए है।
एडीआर के मुताबिक 2,315 उम्मीदवारों में से 697 करोड़पति हैं, जिनमे सबसे ज्यादा कांग्रेस में 163 करोड़पति, जबकि बीजेपी में 141 और आम आदमी पार्टी 104 करोड़पति है। वहीं एक निर्दलीय महिला उम्मीदवार के पास सबसे ज्यादा 82.70 करोड़ रूपए की संपति है।
रिपोर्ट में एमसीडी चुनाव उम्मीदवारों की पढ़ाई- लिखाई का भी जिक्र है। एडीआर के मुताबिक 125 उम्मीदवार अशिक्षित है, 40 ऐसे पढ़े लिखे है जिन्हे केवल अपना नाम लिखने आता है। जबकि ज्यादातर कैंडिडेट इंटर पास हैं। वहीं पांच कैंडिडेट पीएचडी भी हैं। सबसे ज्यादा 19 अनपढ़ उम्मीदवार बहुजन समाज पार्टी से हैं। 24 उम्मीदवारों ने अपने एफेडेविट में शिक्षा की जानकारी ही नहीं दी हैं।
उम्मीदवारों के उम्र की बात करें तो 782 कैंडिटेट 41 से स50 के उम्र के बीच के है, 87 कैंडिडेट 21 से 24 के बीच करीब 10 कैंडिडेट 21 के है। 74 साल के निर्दलीय कैंडिडेट नवल सिंह सबसे बुजुर्ग हैं। वहीं 10 कैंडिडेट 70 की उम्र के है।
आपको बता दें कि एमसीडी चुनाव में कुल 18 रजिस्टर्ड और चिन्हित पार्टियां चुनाव में हिस्सा ले रही हैं। तीन नगर निगमों के 272 वार्ड के लिये 23 अप्रैल को मतदान होना है. इसके नतीजे 26 अप्रैल को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications