अरविंद केजरीवाल को मिलेगा महादेव रोड में बंगला
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। अरविंद केजरीवाल अब कल दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले लेंगे और उसके बाद शुरू हो जाएगी उनके नए आशियाने की खोज। हालांकि जानकारों का कहना है कि वे लुटियन दिल्ली के महादेव रोड के बंगले में रहेंगे। वहां पर उन्हें बंगला आवंटित होने की पूरी-पूरी संभावना है।
महादेव रोड में सात बैड रूम के बंगले हैं। इनमें राज्यमंत्री और भारत सरकार के दूसरे आला अफसर रहते हैं। ये इलाका संसद से एक-डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। राजधानी के बिल्कुल बीचों-बीच है।
घरवालों ने देखा
जानकार दावा कर रहे हैं कि केजरीवाल के परिवार के कुछ सदस्यों ने महादेव रोड के बंगले को देख भी लिया है। वे उसकी लोकेशन से संतुष्ट हैं। अगर उन्हें यह बंगला पसंद आ जाता है,तो उसे तैयार करने का काम फौरन शुरू हो जाएगा।
मंत्री जाएंगे मोतीबाग
केजरीवाल की कैबिनेट के सभी सदस्यों को मोतीबाग में बंगले मिल सकते हैं। वहां पर दिल्ली सरकार के मंत्रियों के लिए बंगले आवंटित हैं। कुछ बंगले राजनिवास मार्ग पर भी है दिल्ली सरकार के मंत्रियों के लिए। इधर ही स्पीकर और डिप्टी स्पीकर को भी बंगला मिल सकता है। मुमकिन है कि केजरीवाल कैबिनेट में नंबर दो मनीष सिसोदिया मयूर विहार में रहना पसंद करें। वे पिछली बार वहां पर ही रहे थे डीडीए के तीन बैड रूम के फ्लैट में।
बंगले का बवाल
आपको याद होगा कि पिछली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद केजरीवाल के सरकारी बंगले को लेकर तगड़ा बवाल मचा था। उन्हें बाद में तिलक मार्ग का एक फ्लैट दिया गया। तिलक मार्ग में भारत सरकार के शिखर अफसर रहते हैं। वे वहां पर कई महीने रहे भी मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद। बाद में वे अपनी पत्नी को आवंटित कौशांबी के फ्लैट में रहने के लिए चले गए। उस फ्लैट में लंबे समय से रह रहे थे। जानकारों का मानना है कि केजरीवाल के बंगले को लेकर इस बार पंगा शायद ना हो। क्योंकि उन्हें विधानसभा में तगड़ा बहुमत मिला है। वे आराम से एक जगह रहकर काम करना चाहेंगे।













Click it and Unblock the Notifications