अनंथु विजयन : 24 साल के लड़के ने जीते 12 करोड़ रुपए, खुशी के कारण रातभर नहीं आई नींद
कोच्चि। किस्मत का कोई भरोसा नहीं कब पलट जाए। रातों-रात करोड़पति भी बना सकती है। जैसे केरल के अनंथु विजयन को बना दिया। केरल के अनंथु विजयन ने 12 करोड़ रुपए की लॉटरी जीती है। 24 वर्षीय अनंथु विजयन ने केरल सरकार की थिरुवोनम बंपर 2020 की लॉटरी में पहला प्राइज जीता है, जिसकी कीमत 12 करोड़ रुपए है। केरल सरकार ने रविवार को विजेता की घोषणा की थी।

12 करोड़ जीतना सपने जैसा
मीडिया से बातचीत में अनंथु विजयन ने कहा कि 12 करोड़ रुपए की लॉटरी जीतना उसके लिए किसी सपने से कम नहीं। जैसे ही उसे लॉटरी लगने की सूचना लगी तो वह एक घंटे तक सोचता रहा कि यह हकीकत है या फिर कोई ख्वाब। यहां तक रातभर नींद तक नहीं आई।

कटौती के बाद 7.56 करोड़ मिलेंगे
बता दें कि अनंथु ने एरनाकुलम के अय्यप्पन कावू स्थित विघ्नेश्वरा लॉटरी एंजेसीज से लॉटरी की टिकट खरीदा था, जिसका नंबर TB 173964 है। अनंथु को ईनाम की राशि में से एजेंसी के कमीशन के रूप में 10 प्रतिशत और टैक्स के रूप में 30 प्रतिशत घटाकर कुल 7.56 करोड़ रुपये मिलेंगे।

जानिए कौन है अनंथु विजयन
न्यूज 18 की खबर के अनुसार 12 करोड़ की लॉटरी जीतने वाला अनंथु विजयन केरल के कट्टप्पन में इडुक्की के थोवला का रहने वाला है। एरनाकुलम के मंदिर में क्लर्क के रूप में काम करता है। विजयन के पिता पेंटर का काम करते हैं। बहन कोच्चि के एक निजी फर्म में लेखाकार के रूप में काम करती थी। लॉकडाउन में बहन की नौकरी छूट गई थी। 12 करोड़ से पहले अनंथु ने एक लॉटरी में 5000 रुपये जीते थे।












Click it and Unblock the Notifications