मुजफ्फरनगर: छोटे भाई के सामने 15 साल की नाबालिग से गैंगरेप, तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर, 27 जुलाई: यूपी के मुजफ्फरनगर नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने 15 साल की लड़की से उसके छोटे भाई के सामने दरिंदगी की। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर नाबालिग और उसके 12 वर्षीय भाई को आवाज निकालने पर जान से मारने की धमकी भी दी। यही नहीं, आरोपियों ने गैंगरेप का वीडियो भी बनाया और पुलिस से शिकायत करने पर इसे वायरल करने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चौथे की तलाश जारी है।

घर में अकेले थे भाई-बहन
शिकायत के मुताबिक, बीते शनिवार को जब बच्चों के माता-पिता दूसरे गांव में आयोजित एक फैमिली फंक्शन में शामिल होने गए थे। घर में 15 साल की नाबालिग और 12 साल का उसका छोटा भाई मौजूद था। पीड़िता के पिता ने बताया कि जब बच्चे घर में सो रहे थे तभी पड़ोसी और उसके तीन दोस्त बंदूक दिखाकर उसके घर में घुस गए।
गन प्वॉइंट पर नाबालिग से गैंगरेप
आरोपियों ने घर में घुसकर छोटे भाई को गन प्वॉइंट पर लेकर बच्ची से हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने आवाज करने पर जान से मारने की धमकी दी। पिता के मुताबिक, आरोपियों ने गैंगरेप का वीडियो भी बनाया और पुलिस से शिकायत करने पर इस वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में छोटे भाई ने परिजनों को फोन पर पूरी बात बताई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
परिजन घर पहुंचे तो बच्ची बदहवाश हालत में मिली। पीड़िता के पिता ने बताया कि जब वह पड़ोसी के घरवालों से शिकायत करने पहुंचे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। इस मामले में पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच में बच्ची से रेप की पुष्टि हुई है। तहरीर के मुताबिक एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पांच टीमें मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथे और आखिरी आरोपी की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications