पुलिस को धोखा देने के लिए मरीज बने दूल्हा-दुल्हन, लॉकडाउन में परिवार के साथ एंबुलेंस से तय किया 80 Km का सफर
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन जारी है। इस बीच सभी तरह के आयोजनों पर पूरी तरह से रोक है। शासन प्रशासन की ओर से लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए लगातार अपील की जा रही है, इसके बावजूद कुछ लोग नियमों को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का है, जहां एक परिवार से पहले तो नियमों की धज्जियां उड़ाईं, फिर पुलिस की आखों में धूल झोंकने के लिए एंबुलेंस का सहारा लिया। पुलिस ने इस मामले में एंबुलेंस ड्राइवर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।

एंबुलेंस से दुल्हन को विदा कर लाया दूल्हा
मुजफ्फरनगर के खतौली में रहने वाला दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने एंबुलेंस से करीब 80 किलोमीटर का सफर तय कर गाजियाबाद पहुंच गया। हाईवे पर तमाम जगह पुलिस नाकों पर एंबुलेंस की वजह से पुलिस ने चेकिंग नहीं की। दूल्हा शादी करने के बाद दुल्हन को लेकर एंबुलेंस से खतौली पहुंचा। एंबुलेंस में दूल्हा-दुल्हन सहित परिवार के 9 लोग थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उसे दुल्हन के साथ क्वारंटाइन कर दिया है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके पूरे परिवार को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

प्रयागराज में भी हुई थी शादी, केस दर्ज
कोरोना वायरस के चलते देशव्यापी लॉकडाउन के बीच किसी भी तरह के आयोजन पर रोक है। बीते दिनों सरकारी आदेश की अवहेलना कर प्रयागराज के कीडगंज इलाके में भी एक शादी हुई। इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दूल्हा-दूल्हन व रिश्तेदारों पर एफआईआर दर्ज की है। मामले में दूल्हा-दूल्हन के माता पिता आदि पर भी मुकदमा लिखा गया है।

यूपी में तेजी से फैल रहा कोरोना का संक्रमण
बता दें, उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से अपने पांव पसार रहा है। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा दो हजार की संख्या को पार कर चुका है। प्रमुख सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद द्वारा बुधवार की दी गई जानकारी के मुताबिक, यूपी में अब तक 2115 संक्रमित मरीज पाए गए हैं, इनमें एक्टिव मरीजों की संख्या 1602 है। अभी तक 60 जिलों में संक्रमण फैल चुका है और 7 जिलों में अभी कोई एक्टिव संक्रमित मरीज नहीं हैं। अभी तक 477 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 36 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications