शाहरुख की कार से घायल हुआ युवक तो अभिनेता ने दिखाई दरियादिली
जब शाहरुख खान आलिया के घर के बाहर पहुंचे तो उनकी फोटो लेने के लिए फोटोग्राफरों ने उनकी कार को घेर लिया, इस दौरान एक फोटोग्राफर का पैर कार के नीचे आ गया।
मुंबई। शाहरुख खान देर रात पार्टी में पहुंचे तो उनकी कार की चपेट में आकर एक युवक को चोट लग गई लेकिन इसके बाद जो हुआ वो शायद उस शख्स ने भी नहीं सोचा होगा। पेशे से फोटोग्राफर घायल युवक को शाहरुख ने ना सिर्फ डॉक्टर के पास भिजवाया बल्कि इलाज का खर्च भी खुद दिया।

बुधवार रात आलिया भट्ट के घर पर उनके 24वें बर्थडे की पार्टी थी। पार्टी में बॉलीवुड के बहुत से सितारे जमा थे, ऐसे में घर के बाहर फोटोग्राफर भी बड़ी संख्या में जमा थे। जब शाहरुख खान पार्टी में शामिल होने के लिए आलिया के घर के बाहर पहुंचे तो उनकी तस्वीरें लेने के लिए फोटोग्राफरों ने उनकी कार को घेर लिया, इसी दौरान एक फोटोग्राफर का पैर कार के नीचे आ गया।
गाड़ी से निकल खुद पूछा हालचाल
घटना के बाद शाहरुख खान कार से बाहर निकले, उन्होंने फोटोग्राफर से हालचाल पूछा और फिर अपने बॉडीगार्ड्स के साथ तुरंत उन्हें अस्पताल भेजा। शाहरुख खान ने अपने जानकार डॉक्टर से फोटोग्राफर का इलाज कराया और पूरा खर्च भी खुद उठाया।
मौके पर मौजूद दूसरे लोगों के मुताबिक शाहरुख ने कार से उतर कर फोटोग्राफर से कहा कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने फोटोग्राफर का हौंसला भी बढ़ाया। शाहरुख के इस बर्ताव की ना सिर्फ पार्टी में आए दूसरे लोगों ने तारीफ की बल्कि दूसरे मीडियाकर्मियों और फोटोग्राफर ने भी प्रशंसा की।












Click it and Unblock the Notifications