मुंबई में कोरोना की रफ्तार ने बढ़ाई चिंता, पिछले 24 घंटे में 6347 नए मामले, 1 की मौत
मुंबई, 01 जनवरी: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस और ओमिक्रॉन के नए मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य सहित मुंबई में बढ़ मामलों ने सरकार की चिंता एक बार फिर से बढ़ा दी है। स्थिति यह हो गई कि अब कोरोना राज्य में बेकाबू होने लगा है। शनिवार को मुंबई से रिकॉर्ड तोड़ मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में मुंबई में कोरोना के 6347 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो कोरोना की तीसरी लहर के साफ संकेत दे रहे हैं। जिस रफ्तार से महाराष्ट्र और मुंबई में केस मामले बढ़ने लगे हैं, उससे साफ अंदेशा लगाया जा सकता है कि राज्य तीसरी लहर की चपेट में आ चुका है।

शनिवार को मुंबई से हैरान कर देने वाले 6347 नए मामले दर्ज किए गए। साथ ही एक शख्स ने अपनी जान भी गंवाई है। वहीं 451 मरीज रिकवर भी हुए हैं। इससे पहले 31 दिसंबर को शहर में 5631 संक्रमण के केस दर्ज किए गए थे। मुंबई में फिलहाल सक्रिय मामलों का आंकड़ा 22,334 पहुंच गया है। कुल रिकवरी की बात करें तो अब तक 750158 मरीज ठीक हो चुके हैं। मुंबई की रिकवरी रेट 95 प्रतिशत है। वहीं 25 दिसंबर से 31 दिसंबर 2021 तक मुंबई की कोरोना केस की ग्रोथ रेट 0.28 फीसदी बताई जा रही है।
मुंबई में अभी तक 10 कंटेनमेंट जोन और 157 बिल्डिंग को सील किया जा चुका हैं। हालांकि सामने आने वाले नए मरीजों का लेकर राहत वाली बात यह है कि उनमें गंभीर लक्षण नहीं है, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा है। वहीं मुंबई में बढ़ती रफ्तार के बीच उद्धव सरकार के एक मंत्री ने यहां तक कह दिया कि अगर स्थिति ऐसी ही रहेगी तो फिर लॉकडाउन पर विचार किया जा सकता है।
महाराष्ट्र में आज 9170 नए मामले
वहीं जहां पिछले 24 घंटे में मुंबई में कोरोना के 6347 नए मामले दर्ज किए गए हैं, तो पूरे राज्य से आज 9,170 नए मामले सामने आए है। साथ ही 1445 मरीज ठीक हुए और 7 लोगों की मौत भी हुईं। राज्य में 32,225 कोरोना के सक्रिय मामले हैं। राज्य में आज कुल 6 नए Omicron मामले सामने आए, जिसके बाद महाराष्ट्र में अब तक कुल 460 ओमिक्रोन मामले हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications