मुंबई: कार से शख्स को टक्कर मारने के मामले में अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ केस दर्ज
मुंबई: कार से शख्स को टक्कर मारने के मामले में अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ केस दर्ज
मुंबई, 07 सितंबर: बॉलीवुड अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ मुंबई के अंधरी इलाके में अपनी कार से एक व्यक्ति को कथित रूप से टक्कर मारने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। एक्टर रजत बेदी के खिलाफ एफआईआर डीएन नगर थाने में दर्ज हुए है। डीएन नगर पुलिस के मुताबिक अभिनेता रजत बेदी ही घायल को कूपर अस्पताल ले आए थे, जहां उन्होंने बताया कि पीड़ित को उनकी कार से टक्कर लग गई थी। पीड़ित की हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती है।

मिड डे में छपी रिपोर्ट के मुताबिक डीएन नगर निवासी 39 वर्षीय एक व्यक्ति सोमवार (06 सितंबर) को काम से लौटते समय अभिनेता रजत बेदी की कार की चपेट में आ गया और उसकी हालत गंभीर है। पीड़ित परिवार ने कहा कि अभिनेता ने उन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती कराया और उनकी मदद करने का वादा किया था। हालांकि कुछ समय बाद वह उन्हें छोड़कर निकल गए थे।
इन धाराओं में दर्ज की गई रजब बेदी के खिलाफ केस
डीएन नगर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मिलिंद कुर्दे ने मिड डे को बताया कि अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ आईपीसी और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिलिंद कुर्दे ने कहा कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित, जिनकी पहचान राजेश रामसिंह दूत से हुई है, वह एक्सीडेंट के बाद से अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रह है।
डॉक्टर बोले- पीड़ित ICU में, हालत गंभीर
राजेश रामसिंह दूत का इलाज कर रहे एक डॉक्टर ने कहा, उनकी (पीड़ित) की हालत बहुत गंभीर है, क्योंकि उन्हें सिर में चोट लगी है। वह आईसीयू में है और ऑक्सीजन सपोर्ट पर है। उसे तत्काल खून की जरूरत है।"
राजेश की पत्नी बबीता दूत ने कहा, "घटना शाम 6.30 बजे की है जब मेरे पति काम से लौट रहे थे और वह नशे में थे। रजत बेदी जो लाइसेंस नंबर एमएच 02 सीडी 4809 के साथ अपनी कार चला रहे थे, सड़क पार करते समय मेरे पति को टक्कर मार दी। वह नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट लग गई।"












Click it and Unblock the Notifications