और बढ़ी दहशत, वैक्सीन की तीनों डोज ले चुका मुंबई का शख्स Omicron से संक्रमित
कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर एक और चिंता बढ़ाने वाली रिपोर्ट सामने आई है।
मुंबई, 18 दिसंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर अब देश में खतरा बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि अभी तक देश के 11 राज्यों में ओमिक्रॉन वेरिएंट के कुल 101 मामले मिल चुके हैं। इनमें से 20 मामले अकेले देश की राजधानी दिल्ली में दर्ज किए गए हैं। इस बीच महाराष्ट्र के मुंबई से एक और चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित एक ऐसा मरीज मिला है, जो कोरोना वायरस वैक्सीन की तीनों डोज ले चुका है।
Recommended Video

बीएमसी ने शुक्रवार को इस बारे में बयान जारी करते हुए बताया कि मुंबई में रहने वाला ये शख्स हाल ही में न्यूयॉर्क से लौटा था, जिसे फाइजर की कोविड वैक्सीन की तीनों डोज लग चुकी हैं। शुक्रवार को इस 29 वर्षीय शख्स में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई। बीएमसी ने अपने बयान में बताया कि शख्स के अंदर कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं दिखा, लेकिन एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल के तहत जब उसका सैंपल टेस्ट किया गया, तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद इस शख्स का सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया, जहां ओमिक्रॉन वेरिएंट की पहचान हुई।
मुबंई में ओमिक्रॉन के 15 मरीज, 13 हो चुके हैं रिकवर
ओमिक्रॉन से संक्रमित यह शख्स फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसमें अभी भी कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं दिखे हैं। वहीं, बीएमसी ने इस शख्स के संपर्क में आए दो और लोगों की भी जांच की, लेकिन उनकी कोरोना वायरस रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस नए मरीज के साथ ही मुंबई में ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इनमें से 13 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। इसके अलावा 15 मरीजों में से किसी में भी कोरोना के गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं। आपको बता दें कि पूरे महाराष्ट्र में अभी तक ओमिक्रॉन से संक्रमित कुल 40 मरीज मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications