महाराष्ट्र में ठाकरे की CM शपथ: पिता-पुत्र की तारीफ करते हुए कांग्रेस नेता हार्दिक ने कहीं ये बातें
मुंबई/अहमदाबाद। महाराष्ट्र में आज से ठाकरे परिवार का शासन शुरू हो रहा है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री के रूप में मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम 6.40 बजे शपथ लेंगे। इससे पहले उद्धव ने कांग्रेस, एनसीपी और भाजपा के कई बड़े नेताओं को अपने कार्यक्रम में आने का न्योता दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रण पत्र भी भेजा था। इसी बीच गुजराती कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने ट्वीट कर उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तारीफ की। हार्दिक ने कहा, ''आदरणीय उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी, मैं उन्हें बधाई देता हूं। आशा है कि आपके नेतृत्व में राज्य के लोग खुश होंगे, आप विदर्भ और मराठवाड़ा के किसानों के हित में काम करेंगे। शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा के सभी विधायकों को शुभकामनाएं।''

'भाजपा का इरादा सिर्फ सीएमओ से काले कारनामों की फ़ाइलें हटाना था'
इससे पहले हार्दिक पटेल ने भाजपा से महाराष्ट्र की सत्ता छिनने पर तंज कसा था। हार्दिक ने कहा था कि महाराष्ट्र में भाजपा का इरादा पाँच साल के लिए सरकार चलाना नहीं था, बल्कि दो-तीन दिन के लिए सीएमओ में रहकर अपने पिछले पाँच साल के काले कारनामों की फ़ाइलें सही सलामत करना था। भाजपा का ध्येय सिर्फ़ और सिर्फ़ संविधान को ख़त्म करना और तानाशाही एवं गुंडागर्दी स्थापित करना है।''

सोनिया ने कहा, ‘भाजपा अति आत्मविश्वास में थी’
वहीं, भाजपा की विफलता पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी हमला बोला। सोनिया ने गुरुवार को कहा, ‘‘महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना का चुनाव पूर्व गठबंधन इसलिए कायम नहीं रह पाया, क्योंकि भाजपा को घमंड और अति आत्मविश्वास हो गया था। उन्होंने हमारे गठबंधन को हर तरह से नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। मैं मानती हूं कि तीनों पार्टियों ने एकजुट होकर भाजपा के इरादों को नाकाम कर दिया।''

उद्धव सरकार में तीनों पार्टियों के 2-2 मंत्री शपथ लेंगे?
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा एक उप मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। साथ ही उद्धव के साथ महाराष्ट्र विकास अघाड़ी यानी शिवसेना, कांग्रेस-राकांपा के दो-दो मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। तीनों दलों की बुधवार शाम हुई बैठक के बाद मंत्रालय के बंटवारे को लेकर अंतिम सहमति बनी थी।












Click it and Unblock the Notifications