बॉलीवुड पर फिर कोरोना पड़ा भारी, फेमस फिल्ममेकर विधु विनोद चोपड़ा के भाई का निधन
मुंबई, जुलाई 08: देशभर में कोरोना का कहर जारी है। कोरोना संक्रमण के चलते फिल्म मेकर विधु विनोद चोपड़ा के बड़े भाई वीर चोपड़ा का 5 जुलाई को निधन हो गया। विधु विनोद चोपड़ा के बड़े भाई वीर भी फिल्म मेकर थे। रिपोर्टस की मानें तो वो बीते दिनों मालदीव गए हुए थे। जहां वो कोरोना की चपेट में आ गए थे और फिर मुंबई लौट आए। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उनका टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आया।

जानकारी के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव के बाद उनको मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां करीब 21 दिनों की कोरोना के जंग के बाद वो जिंदगी की रेस हार गए। विधु विनोद चोपड़ा की पत्नी, फिल्म समीक्षक अनुपमा चोपड़ा ने गुरुवार को वीर चोपड़ा की मौत की खबर की पुष्टि की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर विधु विनोद चोपड़ा और वीर चोपड़ा की एक तस्वीर साझा की। जो थ्री इडियट्स फिल्म के प्रीमियर के दौरान की थी। फोटो के साथ उन्होंने लिखा कि विनोद ने हमेशा कहा कि वीर उनका बेहतर वर्जन थे। वे इतने एक जैसे दिखते थे कि जब वीसी और मेरी पहली शादी हुई तो लोग वीर को बधाई देते थे। उनकी स्मृति हमारे लिए आशीर्वाद बनी हुई है।
इस दौरान कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में वीर चोपड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया। फिल्म निर्माता होमी अदजानिया की पत्नी, फैशन स्टाइलिस्ट अनीता श्रॉफ अदजानिया ने वीर चोपड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
आपको बता दें कि वीर चोपड़ा एक फिल्म निर्माता थे और उन्होंने विधु विनोद चोपड़ा के साथ 3 इडियट्स, मुन्ना भाई एमबीबीएस और लगे रहो मुन्ना भाई जैसी कई फिल्मों में काम किया है। वह फेरारी की सवारी, मिशन कश्मीर, परिणीता, ब्रोकन हॉर्स और करीब जैसी फिल्मों के क्रिएटिव प्रोड्यूसर थे। वीर के निधन के बाद उनकी पत्नी नमिता और बेटा अभय चोपड़ा अकेले रह गए।












Click it and Unblock the Notifications