मुरैना में घर से चुनाव ड्यूटी करने निकले कृषि वैज्ञानिक हुए लापता, अपहरण की आशंका
मुरैना में घर से चुनाव ड्यूटी के लिए निकले कृषि वैज्ञानिक संदीप सिंह तोमर लापता हो गए है, सिविल लाईन थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई
मुरैना, 12 जुलाई। मुरैना में अपने घर से चुनाव ड्यूटी करने निकले एक कृषि वैज्ञानिक अचानक लापता हो गए हैं। कृषि वैज्ञानिक के लापता होने से जिले भर में हड़कंप मच गया है। कृषि वैज्ञानिक की गायब होने की सूचना सिविल लाइन थाने में उनके परिजनों ने दी है। पुलिस ने कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर संदीप सिंह की तलाश शुरू कर दी है।

घर से चुनाव ड्यूटी के लिए निकले थे कृषि वैज्ञानिक
इन दिनों मुरैना में चुनाव चल रहा है। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण की यहां पर 13 जुलाई को वोटिंग होना है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी भी लगाई गई है। मुरैना के कृषि अनुसंधान केंद्र में पदस्थ कृषि वैज्ञानिक डॉ संदीप सिंह तोमर की ड्यूटी भी चुनाव में लगाई गई थी। चुनाव में ड्यूटी करने के लिए डॉक्टर संदीप सिंह सोमवार की शाम को अपने घर से निकल आए थे लेकिन वह अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में लगाई गई थी कृषि वैज्ञानिक की डयूटी
कृषि वैज्ञानिक डॉ संदीप सिंह तोमर की ड्यूटी नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में लगाई गई थी। वार्ड 35 का सेक्टर मजिस्ट्रेट उन्हें बनाया गया था। चुनाव में ड्यूटी करने के लिए ही वह अपने घर से निकले थे लेकिन फिर घर वापस नहीं लौटे।
परिजन करते रहे मोबाइल ऑन होने का इंतजार
जब कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर संदीप सिंह अपने घर नहीं लौटे तो उनके परिजनों ने उनके मोबाइल नंबर पर उन्हें संपर्क किया लेकिन डॉ संदीप का मोबाइल बंद आया। परिजन लगातार उनके मोबाइल पर संपर्क करते रहे लेकिन डॉक्टर संदीप सिंह का मोबाइल बंद आता रहा। परिजनों ने अपने स्तर पर उन्हें ढूंढने का प्रयास भी किया लेकिन जब बात नहीं बनी तो परिजनों ने इस बात की जानकारी सिविल लाईन थाने में दी है।
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
डॉक्टर संदीप सिंह के घर में उनकी दो बेटियां और एक पत्नी मौजूद है। डॉक्टर संदीप सिंह अपने घर से हंसी खुशी माहौल में चुनाव ड्यूटी पर निकले थे लेकिन वे फिर वापस नहीं लौटे। डॉक्टर संदीप सिंह के परिजनों ने संदीप सिंह के अपहरण की आशंका भी जाहिर की है।
पुलिस कर रही है डॉक्टर संदीप की तलाश
चुनाव ड्यूटी के लिए घर से निकले डॉक्टर संदीप सिंह के अचानक इस तरह से लापता हो जाने पर पुलिस भी हैरान है। पुलिस डॉक्टर संदीप सिंह का पता लगाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। चुनाव के बीच में पुलिस के लिए कृषि वैज्ञानिक को खोज निकालना भी किसी चुनौती से कम नहीं।












Click it and Unblock the Notifications