मुरादाबाद: दबंगों ने सब-इंस्पेक्टर और पार्षद पति को जमकर पीटा, DJ बंद कराने से थे नाराज
मुरादाबाद: दबंगों ने सब-इंस्पेक्टर और पार्षद पति को जमकर पीटा, DJ बंद कराने से थे नाराज
मुरादाबाद। खबर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से है। यहां कटघर थाना इलाके के बलदेवपुरी गांव में दबंगों की दबंगई देखने को मिली है। दरअसल, होली के जश्न में कुछ दबंग तेज़ आवाज में डीजे बजा रहे थे। जिसे मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बंद करा दिया था। इस बात से गुस्साए दबंगों ने पार्षद पति और सब-इंस्पेक्टर की पिटाई कर दी। दबंगों के हमले में घायल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये मामला मुरादाबाद जिले कटघर थाना क्षेत्र के पीतल नगरी पुलिस चौकी के गांव बलदेवपुरी का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, सोमवार (29 मार्च) की देर रात होली के जश्न में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। जिसकी शिकायत पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने के बाद डीजे बंद करा दिया। पुलिस के जाने के बाद कुछ लोग बीजेपी पार्षद रानी सैनी के घर इकट्ठा हो गए। पार्षद का आरोप है लोगों ने पुलिस चौकी में आग लगाने की धमकी दी।
जिसके बाद पार्षद पति ने आनन-फानन में इस बात की जानकारी कोतवाली कटघर पुलिस को देने के साथ ही मुरादाबाद पुलिस के आला अधिकारियों को दे दी थी। इसी दौरान कोतवाली कटघर में तैनात सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी पूरी करके घर जा रहे थे। वहां शराब के नशे में खड़े दबंगों लोगों ने सब इंस्पेक्टर को रोक लिया और उनकी जमकर पिटाई करने के साथ ही सब इंस्पेक्टर की बाइक भी तोड़ दी।
पार्षद पति ने जब दबंगों से सब इंस्पेक्टर को बचाना चाहा तो दबंगों ने उनकी भी जमकर पिटाई कर दी। मार पिटाई में दोनों लोगों के गंभीर चोटें आई हैं, जिनको आनन-फानन में इलाज के लिए ज़िला अस्पताल ले जाया गया, जहां घायलों का इलाज करके उन्हें उनके घर भेज दिया गया। वहीं, इस मामले पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सब-इंस्पेक्टर और पार्षद पति पर हमला करने वाले 8 नामजद व 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications