किराए पर दुकान खोलकर फ्री में जेवरों की सफाई का दिया ऑफर, महिलाओं के गहने लेकर दुकानदार फरार
मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर में एक अनोखा मामला सामने आया है। जिले के एक गांव में गुरुवार की सुबह किराए के मकान में दुकान खोलने वाले ठग निशुल्क गहनों की सफाई का लालच देकर शाम को ग्रामीणों का डेढ़ लाख के आभूषण लेकर फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह जानकारी होने पर महिलाओं ने विंध्याचल कोतवाली में ठगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले मामले की जांच में जुट गई है।

कुछ दिन पहले आए थे किराए पर दुकान लेने
भवानीपुर गांव में चार दिन पहले तीन युवक आए और बिहारी पाल के घर में दुकान खोलने के लिए बातचीत की और चले गए। गुरुवार की सुबह तीनों आए और दुकान किराए पर लेकर उसमें पूजा-पाठ किया। दुकान में पूजा करने के बाद आसपास के सभी लोगों को बुलाकर प्रसाद के रूप में मिठाई खिलाई। इस दौरान दुकान पर आई महिलाओं को आभूषण की निशुल्क सफाई और मरम्मत करने का लालच दिया। गांव की महिलाएं अपने-अपने आभूषण लाकर सफाई कराने और मरम्मत कराने के लिए दुकानदार को दे दिया। इसके बाद शाम होते ही मौका पाकर दुकानदार आभूषण लेकर फरार हो गया।

सुबह दुकान बंद
शुक्रवार की सुबह महिलाएं आभूषण लेने दुकान पर पहुंची तो दुकान बंद मिली। मकान मालिक को बुलाकर दुकान खुलवाया तो अंदर कुछ नहीं था। मकान मालिक ने बताया कि उन्हें दुकानदारों के बारे में कुछ नहीं पता। तब जाकर लोगों को पता चला की उनके साथ ठगी हो गई है। महिलाओं ने बताया कि दुकानदार ने अपना नामा सेठ और निवासी चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव बताया था। गांव निवासी राजकुमारी देवी, मालती देवी, बासमती, धनपति, काशी देवी, मुन्नी देवी, सीमा, दुवासी का जेवर ठग ले गए। महिलाओं ने विंध्याचल कोवताली में तहरीर दिया। थाना प्रभारी विवेकानंद उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कर ठगों को पकड़ा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications