Mirzapur में Chandauli निवासी एक शख्स को गांव वालों ने बच्चा चोर समझकर पीटा, राहगीरों को भी नहीं बख्शा
मिर्जापुर जिले में बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पीट दिया। इस दौरान उसका बचाव करने पहुंचे राहगीरों से भी ग्रामीण उलझ गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीण भाग निकले।

Mirzapur जिले में एक व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर जब उसे बचाने के लिए पहुंचे तो ग्रामीण राहगीरों से भी उलझ गए। उसके बाद राहगीरों ने पुलिस को फोन करके सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो पिटाई करने वाले ग्रामीण भाग निकले। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

वेशभूषा देखकर लोग उसे कहने लगे बच्चा चोर
दरअसल, चंदौली जिले के पंचदेउरा का रहने वाला 42 वर्षीय हरिश्चंद्र मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली अंतर्गत मुंदीपुर शिव मंदिर पर रहता है और भीख मांग कर अपना जीवन यापन करता है। बताया जा रहा है कि रविवार को वह भीख मांगने के लिए बगहा गांव में हाईवे से जा रहा था। इसी दौरान उसकी वेशभूषा देखकर लोग उसे बच्चा चोर बताने लगे। उसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और बच्चा चोर कहते हुए उसकी पिटाई करने लगे। मौजूद भीड़ और मारपीट को देखकर हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी रुक गए और पिटाई करने वालों को रोकने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान ग्रामीण राहगीरों से भी उलझ गए और उनके साथ भी कहासुनी करने लगे। घटनास्थल के पास से ही किसी राहगीर ने पुलिस को फोन करके उसके बारे में जानकारी दी।
अफवाह के चलते पीटा गया बेकसूर
मिर्जापुर जिले में बच्चा चोर समझकर बेकसूर की पिटाई का यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले साल मिर्जापुर के अलावा चंदौली गाजीपुर वाराणसी जौनपुर सहित आसपास के जनपदों में यह अफवाह काफी तेजी से फैली थी। उसके बाद स्थानीय अधिकारियों के साथ भी डीजीपी द्वारा भी संदेश जारी कर बच्चा चोरी की घटना को पूरी तरह भ्रामक और अफवाह बताया गया था। काफी प्रयास के बाद इस अफवाह पर लगाम लगा था लेकिन अब मिर्जापुर में फिर लोगों द्वारा इस अफवाह को बढ़ावा मिलता दिखाई दिया।
ऐसे लोगों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बगहा गांव में हाईवे पर एक बेकसूर को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों द्वारा मारा पीटा गया। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका मेडिकल करवाया गया है। घायल युवक की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मारने पीटने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों द्वारा यह भी कहा गया कि ऐसी घटनाएं पूरी तरह अफवाह है और यदि किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से ऐसा फैलाया जाता है तो उसके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications