Mirzapur: सांप ने युवक को डसा तो पकड़ ली गर्दन, फिर बाइक से 30KM लेकर अस्पताल पहुंचा वो
Mirzapur News: अजीबोगरीब मामला उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से सामने आया है। यहां सांप पकड़ने के दौरान एक शख्स को सांप ने डस लिया। जिसके बाद युवक ने सांप की गर्दन पकड़ ली और उसे बाइक से 30 किलोमीटर दूर अस्पताल लेकर पहुंचा। युवक के हाथ में सांप देखकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हड़कंप मच गया।
वार्ड में मौजूद मरीज और डॉक्टर डर गए। हालांकि, बाद में डॉक्टर ने युवक को एंटी वेनम का इंजेक्शन दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के पतुलखी गांव का है। गांव में मंगलवार की देर शाम एक घर में सांप निकला। सांप निकलने की सूचना पर गांव निवासी सूरज वहां पहुंचा गया।

सूरज सांप पकड़ने में माहिर बताया जा रहा है। जैसे ही, सूरज ने सांप को पकड़ने की कोशिश की तो सांप ने उसके पैर में काट लिया। सांप द्वारा काटे जाने पर भी सूरज ने हिम्मत नहीं हारी और सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद सूरज सांप को अपने भाई के साथ बाइक से 30 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मंडलीय अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचा।
इस दौरान सूरज ने डॉक्टर को अपनी पूरी बात बताई और पकड़े गए सांप को भी दिखाया। साथ ही, बताया कि इस सांप ने मुझे काटा है। सांप देखकर डॉक्टरों और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में डॉक्टर ने सूरज को एंटी वेनम का इंजेक्शन लगाया और सांप को डिब्बे में बंद कर दिया।
जिसके बाद जाकर डॉक्टर और मरीज ने राहत की सांस ली। इस दौरान सांप को देखने के लिए भीड़ लग गई। सूरज ने बताया कि उसे जिस सांप ने काट था, वह उस अपने साथ पकड़ कर अस्पताल ले आया था। उसे अब एंटी वेनम का इंजेक्शन दे दिया गया है। फिलहाल, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications