मिर्जापुर: मिड-डे मील की सब्जी में गिरी तीन साल की मासूम, झुलसकर मौत
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में मिड-डे मील के लिए बनाई जा रही सब्जी के भगौने में तीन साल की मासूम गिर गई। भगौने में गिरने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के रामपुर अतरी गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, भागीरथी लालगंज भूमि विकास बैंक चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्यरत है। उसे दो पुत्र और एक पुत्री है। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छह वर्षीय गणेश कक्षा दो और पांच वर्षीय हिमांशू कक्षा एक का छात्र है। सबसे छोटी तीन वर्षीय आंचल भाइयों के साथ स्कूल में स्थित आंगनबाड़ी में जाती थी। दोपहर में जब मिड-डे-मिल बंटने लगा तो सभी बच्चे इकट्ठा हो गए। रसोईयां सब्जी से भरे गर्म भगौने को बाहर रखकर अंदर चली गई। इस दौरान बच्चे मिड-डे मिल लेने के लिए भगौने के पास इकट्ठा हो गए।
धक्का-मुक्की से गिरी भगौने में
बच्चों के धक्का-मुक्की में तीन वर्षीय आंचल भगौने में गिर गई। बच्चों ने शोर मचाया पर रसोईयां कान में इयर फोन लगाई थी। इस कारण उसे सुनाई नहीं दिया। बच्चे अंदर रसोइयां को बुलाने गए। बच्चो का शोर सुनकर सहायक अध्यापक नवनीत कुमार वर्मा ने किसी तरह से बालिका को भगौना से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई।
बच्ची के पिता ने स्कूल प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
इस हादसे के शिकार हुई बच्ची के पिता भागीरथ ने स्कूल प्रशासन को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डीएम सुशील कुमार पटेल ने हेड मास्टर को निलंबित करने के साथ रसोइया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications