Saurabh Chaudhary meerut : कौन हैं 2 विश्व रिकॉर्ड बना चुके सौरभ चौधरी, जिनसे देश को है गोल्ड मेडल की उम्मीद
मेरठ, 14 जुलाई: टोक्यो में हो रहे ओलंपिक खेल का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इससे पहले टाइम मैगजीन ने 48 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में भारत के एकमात्र खिलाड़ी निशानेबाज सौरभ चौधरी को जगह दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सौरभ चौधरी के व्यक्तित्व की सराहना की है। मंगलवार की शाम सौरभ से उनकी तैयारियों के बारे में जानने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपका व्यक्तित्व बताता है कि आप अपने खेल के प्रति पूरी तरह से फोकस्ड हैं। आपसे देश को उम्मीदें हैं। हालांकि, यहां तक पहुंचने के लिए सौरभी कड़ी मेहनत और संघर्ष किया है। Oneindia Hindi आपको सौरभ चौधरी के बारे में बता रहा है।

मेरठ के रहने वाले हैं सौरभ, पिता हैं किसान
सौरभ चौघरी उत्तर प्रदेश के मेरठ के पास के गांव कलिना के रहने वाले हैं। सौरभ के पिता गन्ना किसान हैं। सौरभ बचपन से ही शूटिंग करते थे। घरवाले कहते हैं कि सौरभ के लिए शूटिंग पढ़ाई से बचने का एक जरिया जैसा था और इसी ने उन्हें भारत का चमकता सितारा बना दिया। सौरभ ने एक इंटरव्यू में खुद कहा था कि वह पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे, लेकिन कुछ ऐसा करना चाहते थे जिससे वह प्यार करता थे और शूटिंग में कुछ ऐसा था।

ट्रेनिंग के लिए गांव से 15 Km की यात्रा करते थे
शूटिंग के लिए सौरभ चौधरी का जुनून ऐसा रहा है कि वह घंटों ट्रेनिंग करते रहते थे। कई बार तो वह लंच का ब्रेक तक नहीं लेते थे। सौरभ हर दिन ट्रेनिंग करने के लिए अपने गांव से 15 किलोमीटर की यात्रा करते थे। सौरभ के परिवार ने उन्हें सहारा देने के लिए कर्ज लेकर उपकरण खरीदे थे। उन्होंने अपने घर के पीछे एक शूटिंग रेंज बनाकर अभ्यास शुरू कर दिया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाया नाम, टोक्यो ओलंपिक का टिकट मिला
सौरभ अब एक ऐसे निशानेबाज हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम बना चुके हैं। 2015 में निशानेबाजी में करियर शुरू करने वाले सौरभ ने अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 22 मेडल (14 गोल्ड और 6 सिल्वर) जीते हैं। साल 2018 में वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाले सबसे युवा भारतीय निशानेबाज बने थे। सौरभ के पास वर्तमान में दो विश्व रिकॉर्ड हैं, एक 10m ऐर पिस्टल में और एक 10m पिस्टल मिश्रित टीम में। सौरभ ने सीनियर आईएसएसएफ पदार्पण किया और 10m ऐर पिस्टल में विश्व रिकॉर्ड बनाया, जिससे उन्हें न केवल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल, बल्कि टोक्यो ओलंपिक का टिकट भी।

टाइम मैगजीन में जगह पाने वाले इकलौते भारतीय
टोक्यो ओलंपिक से पहले टाइम मैगजीन ने 48 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में भारत के एकमात्र खिलाड़ी निशानेबाज सौरभ चौधरी को जगह दी गई है। इसमें लिखा है, '19 वर्षीय निशानेबाज सौरभ चौधरी टोक्यो में भारत के लिए गोल्ड लाने वाले सबसे बड़े दावेदारों में शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कहा- देश को आपसे उम्मीदें हैं
पीएम नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक जा रहे खिलाड़ियों से बातचीत करने के दौरान सौरभ चौधरी से बातचीत की। पीएम ने सौरभ के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनकी तैयारियों के बारे में जाना। पीएम ने कहा कि आपका व्यक्तित्व बताता है कि आप अपने खेल के प्रति पूरी तरह से फोकस्ड हैं। आपसे देश को उम्मीदें हैं।












Click it and Unblock the Notifications