मेरठ पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर किए रोहित सांडू के दो और साथी, सीओ दौराला घायल
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां कुख्यात अपराधी रोहित सांडू के दो साथियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बता दें कि यह दोनों बदमाश कुख्यात रोहित सांडू को पुलिस कस्टडी से फरार कराने में शामिल थे। मुठभेड़ में सीओ दौराला और एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गए।

कार लूटकर भाग रहे थे बदमाश
एसएसपी अजय साहनी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी अमित उर्फ शेरू और हरियाणा के हिसार निवासी रविंद्र उर्फ कालिया मंगलवार को दौराला क्षेत्र से सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार लूटकर भागे थे। सूचना फ्लैश होने पर पुलिस ने दौराला के लावड़-सरधना रोड पर स्थित मछरी आलू फार्म के निकट बदमाशों की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर रोहित ने फायरिंग शुरू कर दी।

सीओ दौराला हुए घायल
बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में सीओ दौराला जितेंद्र सरगम व सिपाही दीपक गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों को दौराला सीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि एक बदमाश की रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

50-50 हजार रुपये के थे इनामी
एडीजी प्रशांत कुमार के मुताबिक, दोनों बदमाशों के ऊपर 50-50 हजार का इनाम घोषित था। यह दोनों बदमाश कुख्यात रोहित सांडू की फरारी में शामिल थे। बताते चलें कि रोहित सांडू को उसके एक साथी समेत मंगलवार की सुबह मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। उधर, मुठभेड़ के दौरान घायल हुए सीओ दौराला जितेंद्र सरगम और कांस्टेबल दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचे एडीजी प्रशांत कुमार ने मुठभेड़ करने वाली पुलिस टीम को शाबाशी दी।












Click it and Unblock the Notifications