CAA हिंसा: PFI के 12 सदस्यों को मेरठ पुलिस ने किया गिरफ्तार
मेरठ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हिंसा हुई थी, इस हिंसा में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का नाम सामने आया था। जिसके बाद लगातार पुलिस पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के सदस्यों को गिरफ्तार कर रही है। बता दें कि हिंसा मामले में मेरठ पुलिस ने भी पीएफआई के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार की मानें तो जिस तरह से पीएफआई एक्टिविस्ट की गिरफ्तारियां हो रही हैं, उनकी पहचान हो रही है, ये संभव है कि इस हिंसा में उनका बड़ा हाथ हो।

न्यूज़ 18 के मुताबिक, एडीजी मेरठ जोन के मुताबिक पिछले दो दिन में जो वीडियो सामने आए हैं। उससे स्पष्ट है कि इन लोगों ने पुलिस टोली को जलाने का प्रयास किया था। उन्होंने बताया कि जोन में अब तक पीएफआई के 22 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जिसमें एसडीपीआई का प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पुलिस पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है, वो सभी मेरठ के रहने वाले हैं। बता दें कि मेरठ के मवाना में शुक्रवार को भी एंटी नेशनल नारेबाजी को लेकर एक शख्स की गिरफ्तारी की गई है।
पुलिसकर्मियों की थी जिंदा जलाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, 30 पुलिसकर्मियों को आक्रोशित भीड़ ने घर के अंदर कैद कर दिया था, जिसके बाद घर को बाहर से आग लगा दी गई थी। पुलिस के अनुसार ये साजिश पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाकर मार डालने की थी। पुलिस जांच में दो वीडियो सामने आए हैं जिसे मेरठ पुलिस ने जारी किया है। अब उन उपद्रवियों की तलाश की जा रही है, जिन्होंने इसकी साजिश रची। इस मामले में अब तक 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जिसमें करीब 148 लोग नामजद और 500 से ज्यादा लोग अज्ञात हैं। पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों के फोटो और वीडियो के आधार पर शिनाख्त की है, उनके पोस्टर भी शहर में चस्पा कर दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications