'छूना मत, मैं कोरोना पॉजिटिव हूं' कहकर कार के आगे कूद गया शख्स, जानिए फिर क्या हुआ
मेरठ। मेरठ में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, मौत का सिलसिला भी जारी है। एक ओर कहा जा रहा है कि प्रदेश में टेस्टिंग की क्षमता बढ़ा दी गई है, ज्यादा से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग पर आरोप लग रहा है कि कई बार कहने के बावजूद जांच नहीं की जा रही है। ये आरोप एक युवक सड़क पर चिल्लाकर-चिल्लाकर लगा रहा है। मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का है।

कार के आगे कूदा युवक
मेरठ शहर में बेगमपुल चौराहे पर एक युवक खुद को कोरोना पॉजिटिव बताकर एक कार के आगे कूद गया। युवक ने कहने लगा, कई बार कहने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग मेरी जांच नहीं करा रहा। पुलिस के मुताबिक, नंगलाताशी कंकरखेड़ा निवासी एक युवक गुरुवार शाम बेगमपुल चौराहे पर अचानक एक कार के आगे कूद गया। गनीमत रही कि कार चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिया, वरना हादसा हो सकता था। युवक को देखते ही चौराहे पर तैनात पुलिस वहां पहुंची तो युवक कार के आगे ही लेट गया।

'छूना मत, मैं कोरोना पॉजिटिव हूं'
पुलिसकर्मी उसे हटाने के लिए आगे बढ़े तो युवक ने चिल्लाकर कहा, 'छूना मत, मैं कोरोना पॉजिटिव हूं।' यह सुनते ही पुलिस पीछे हट गई। वहां पर मौजूद लोग भी दूर खड़े हो गए। युवक सड़क पर ही लेटकर कर हाईवोल्टेज ड्रामा करने लगा। जानकारी मिलने पर एसओ सदर विजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और युवक से उसकी समस्या पूछी। युवक ने बताया कि उसे कोरोना के कई दिनों से लक्षण लग रहे हैं। बुखार भी है। उसने कई बार स्वास्थ्य विभाग को फोन कर बताया, लेकिन वह उसकी बात सुनने को तैयार नहीं है।

युवक को एंबुलेंस से भिजवाया मेडिकल कॉलेज
युवक की समस्या सुनने के बाद एसओ ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका इलाज तुरंत कराया जाएगा। एसओ के समझाने पर वह सड़क से हटा और साइट में बैठ गया। इसके बाद एसओ ने सरकारी एंबुलेंस बुलवाकर युवक को जांच और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। बता दें, इस दौरान बेगमपुल चौराहे पर करीब एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह ने बताया कि पुलिस ने सतर्कता बरतकर युवक को इलाज कराने मेडिकल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications