दूसरे निकाह के लिए शादी के 15 साल बाद बीवी को छोड़ा, थाने के सामने दिया तीन तलाक
मेरठ। तीन तलाक को लेकर केंद्र सरकार द्वारा कड़ा कानून लागू किए जाने के बाद जिले से लगातार तीन तलाक की घटनाओं के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सरूरपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक ने दूसरी शादी रचाने के लिए अपनी पत्नी और पांच बच्चों की मां को महिला थाने के सामने ही तीन तलाक दे डाला। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

15 साल पहले हुआ था निकाह
मुंडाली निवासी आयशा के अनुसार, उसका निकाह लगभग 15 साल पहले सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा निवासी इमरान के साथ हुआ था। आयशा ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसका पति इमरान और ससुर यूनुस पिछले कई सालों से उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। विरोध करने पर इमरान संजीदा नाम की एक महिला से दूसरी शादी करने की बात कहता था, जिसकी वजह से आयशा ने कुछ समय पहले महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
थाने के सामने दिया तीन तलाक
आरोप है कि इमरान ने उसके पांचों बच्चों को छीन कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद बीती 25 अगस्त को जब वह महिला थाने से वापस लौट रही थी तो थाने के सामने ही इमरान ने उसे तीन तलाक दे दिए। पीड़िता ने अधिकारियों से मामले की शिकायत करते हुए आरोपी शौहर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications