मेरठ: शराब पीने से रोका तो पति बना हैवान, पत्नी को आग के हवाले कर हुआ फरार
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली मसरूफा का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपने पति की शराब की लत छुड़ाकर अपनी गृहस्थी को बचाना चाहती थी। लेकिन उसकी यह कोशिश उसके लिए जानलेवा साबित हो गई। शराब पीने का विरोध करने पर शराबी पति ने अपनी बीवी को खेत में ले जाकर जिंदा जला डाला। घटना के बाद जहां महिला की हालत गंभीर बनी है। वहीं आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Recommended Video

क्या है पूरा मामला
दरअसल, भावनपुर थाना क्षेत्र के बक्सर गांव में एक कोल्हू पर मुस्तकीम और उसकी पत्नी मसरूफा मजदूरी करते हैं। मसरूफा के मुताबिक, उसका शौहर मुस्तकीम शराब का आदी है, जिसके चलते अक्सर दंपत्ति के बीच विवाद बना रहता था। बुधवार को मसरूफा ने मुस्तकीम के शराब पीने का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद मुस्तकीम अपनी पत्नी मसरूफा को बहाने से बाइक पर बिठाकर जोई गांव में ले गया, जहां आरोपी ने एक खेत में ले जाकर अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगाकर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बचाया, 70 फीसदी झुलसी महिला
जलती हुई महिला खेत में काफी दूर तक दौड़ी और बेहोश हो गई। उधर, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जलती हुई महिला को बचाते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लगभग 70 फीसदी झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर बनी है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी पति की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications