मेरठ: प्रेम विवाह के बाद परिवार से जान का खतरा, सुरक्षा की गुहार लगाने पुलिस के पास जा रहे दंपत्ति की पिटाई
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लव मैरिज करने के बाद युवती के परिजनों की धमकियों से दहशत में आए युगल ने सुरक्षा के लिए एसएसपी कार्यालय का रुख किया तो रास्ते में युवती के परिजनों ने दंपत्ति की पिटाई कर डाली। दहशत में आए युगल ने पुलिस चौकी में घुसकर अपनी जान बचाई। जिसके बाद फिलहाल दंपत्ति को टीपी नगर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। टीपी नगर के रोहटा रोड हरवीरी नगर निवासी प्रीति के मुताबिक, उसने बीती चार फरवरी को अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर भावनपुर निवासी मोहित से शादी की थी।

लड़की के परिजनों ने की दंपत्ति की पिटाई
आरोप है कि इसके बाद से प्रीति के परिजन दंपत्ति की जान के दुश्मन बने हुए हैं। पिछले कई महीनों से अपनी जान बचाते फिर रहे प्रीति और मोहित आज सुरक्षा की गुहार लगाने एसएसपी कार्यालय जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रीति के परिजनों को भनक मिल गई और उन्होंने कचहरी में दंपत्ति को घेर लिया। युवती के परिजनों ने भरी कचहरी में दंपत्ति की पिटाई शुरू कर दी। जिसके बाद जान बचाकर दंपत्ति कचहरी स्थित पुलिस चौकी में घुस गए।
क्या कहती है पुलिस?
उधर, युवती के परिजन मौके से फरार हो गए। घटना के चलते कचहरी परिसर में काफी देर तक अफरातफरी के हालात बने रहे। सीओ सिविल लाइन संजीव देशवाल ने बताया कि फिलहाल दंपत्ति को संबंधित थाना पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच कराने के बाद दंपत्ति को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें, इससे पहले कानपुर में लव मैरिज करने वाले प्रेमी युगल ने परिवार से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शालिनी यादव नाम की युवती ने वीडियो में बताया कि उसने अपना नाम बदल कर फिजा फातिमा कर लिया और फैसल नाम के युवक से अपनी मर्जी से निकाह कर लिया है। लड़की के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और दोनों की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications