BJP विधायक संगीत सोम ने कहा- जमात में शामिल लोगों के साथ आतंकियों जैसा व्यवहार होना चाहिए
मेरठ। देश में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के सरधना से भाजपा विधायक संगीम सोम ने बयान देते हुए कहा कि दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में हुई तबलीगी जमात में शामिल लोगों के साथ आतंकियों जैसा व्यवहार होना चाहिए। संगीत सोम ने इसे एक सुनियोजित प्लान बताते हुए कहा कि संक्रमण के कारण पूरे देश में लॉकडाउन है ऐसे में ये लोग समूह बना यहां क्या कर रहे थे। उन्होंने इस घटना को कोरोना आंतकवाद बताया है।

भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि ऐसा एक साजिश के तहत किया गया है। विदेश से लोगों को भारत में कोरोना महामारी फैलाने के लिए भेजा गया है। तबलीगी जमात का ये मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बता दें कि संगीत सोम से पहले इस मामले को लेकर केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी बड़ा बयान दे चुके हैं। उन्होंने इस घटना को तालिबानी अपराधों के श्रेणी में रखते हुए इन लोगों के साथ सख्ती से निपटने की बात कही है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, 'ये तबलीगी जमात का तालिबानी जुर्म है, इस तरह के आपराधिक काम को किसी भी तरह से ना तो नजरअंदाज किया जा सकता है ना ही माफ किया जा सकता है। इन्होंने कई लोगों की जिंदगी खतरे में डाल दी है। ऐसे लोगों और संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए जो सरकार के निर्देशों की अवहेलना करते हैं।'
बता दें निजामुद्दीन इलाके में मौजूद तबलीगी जमात के मरकज में दुनिया के अलग-अलग इलाकों से लोग आए थे। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करीब 1000 लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में चले गए हैं, जिन्हें ढूंढने का काम जारी है। इसी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर तेलंगाना पहुंचे 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कश्मीर के एक व्यक्ति की भी मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications